गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. जहां सेक्टर-68 की एम3 एम मरीना सोसाइटी में 30 साल के इंजीनियर ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी. जिसके बाद खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी. मरने से पहले 15 अक्टूबर की सुबह लगभग 7 बजे मोहम्मद असलम ने अपनी कंपनी को ईमेल भेजी. इसमें उसने अपने पिता, मकान मालिक और परिचित के चार मोबाइल नंबर लिखकर कहा कि मेरी मौत की सूचना इन्हें दे दो. पुलिस को फ्लैट के अंदर मृतक की पत्नी 28 साल की फरहाना मृत मिली. वहीं पंखे के सहारे मोहम्मद असलम लटका था.
सेक्टर-68 की एम3एम परीना सोसाइटी के टॉवर नंबर 7 में फ्लैट नंबर 103 राघव का है. इनके यहां अगस्त महीने से केरल का मूल निवासी 30 साल का मोहम्मद असलम अपनी पत्नी फरहाना के साथ किराये पर रहने लगा था. असलम सेक्टर-55 स्थित प्लंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में बतौर इंजीनियर नौकरी करता था. इससे पहले वो बैंगलोर में नौकरी कर वहां रहता था. 13 अक्टूबर को असलम ऑफिस गया था जबकि पत्नी घर पर थी. 14 अक्टूबर की सुबह असलम ने कंपनी को ईमेल पर सूचना दी कि मैं ऑफिस नहीं आ पाउंगा. दिन में 3 बार ईमेल असलम और कंपनी के बीच हुई, बाद में कॉल पर भी बात हुई.
पुलिस ने परिवार को दी सूचना
15 अक्टूबर की सुबह 7 बजे एक और ईमेल असलम ने कंपनी को भेजी. इसमें उसने अपने पिता, परिचित, मकान मालिक समेत चार मोबाइल नंबर लिखे और कहा कि मेरी मौत की सूचना इन लोगों को दे देना. कंपनी की ओर से परिवार और मकान मालिक को सूचना दी गई. मकान मालिक ने बादशाहपुर थाना पुलिस को सूचना दी. सुबह लगभग 8 बजे बादशाहपुर थाना पुलिस फ्लैट में पहुंची. कमरे में फंदे से असलम मृत लटका था जबकि फरहाना नीचे मृत पड़ी थी.
परिवार के लोग पहुंचे गुरुग्राम
पुलिस ने परिवार से बात की और शवों को मोर्चरी पहुंचाया. पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है. देर रात तक परिवार के लोग गुरुग्राम पहुंचेंगे. शुक्रवार को मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
