Tiger Shroff Firing Case Update: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। राजस्थान के कोटा में पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के बाद ट्रेन से फरार होने की कोशिश कर रहे थे और उनकी योजना दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की थी। अब उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी करके मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा, जहां मामले की आगे जांच होगी। पुलिस की मानें तो पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग है।
जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग
रविवार की शाम मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी। घटना के समय अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। हमले में टाइगर श्रॉफ को सीधे गोली नहीं लगी, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर सामने आई है। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की। पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों और उनके भागने के संभावित रास्ते का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जांच की।
ट्रेन में सफर करते समय पकड़े गए आरोपी
राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के बाद पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने कोटा जंक्शन पर ट्रेन पहुंचने के करीब 15 मिनट के भीतर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने उनकी गतिविधियों का पता लगाया था। गिरफ्तारी के समय उनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ।
कौन हैं गिरफ्तार किए गए आरोपी?
आरोपियों की पहचान रेहान, ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और एक नाबालिग के रूप में बताई गई है। रेहान हरियाणा के सोनीपत का निवासी बताया गया है। ऋतिक कुमार उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का रहने वाला बताया गया है। वह मुंबई में बाइक टैक्सी चलाता था। तीसरा आरोपी नाबालिग है। कोटा पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो मजदूरी करते हैं, जबकि एक बाइक टैक्सी चालक है।
दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की थी योजना
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी फायरिंग के बाद मुंबई से निकलकर गुजरात के सूरत पहुंचे और वहां से पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सवार हुए। उनकी योजना जयपुर से दिल्ली जाने और फिर नेपाल भागने की थी। हालांकि मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद राजस्थान पुलिस ने उनकी तलाश तेज की और कोटा में ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार रेहान को अनिल पंडित से निर्देश मिलने की बात भी सामने आई है। इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका और हमले के पीछे की वजह की जांच की जा रही है।

