नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने लंबे समय से चले आ रहे फैंस के सवाल का जवाब दे दिया है. सोमवार, 19 अक्टूबर को बोर्ड ने पूर्व स्पिनर रमेश पोवार को सीनियर पुरुष चयन समिति में शामिल किया. उन्होंने अजित अगरकर की जगह ली है. मुख्य चयनकर्ता का कार्यकाल इसी महीने खत्म हुआ था. उनकी जगह पर सीनियरिटी के आधार पर साउथ जोन के चयनकर्ता प्रज्ञान ओझा नए मुख्य चयनकर्ता बन गए हैं.
पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2013 में उन्होंने आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था. इसमें दोनों पारी में 5-5 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच बने थे. चयन समिति के बाकी सदस्यों शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार की तुलना में उनके नाम सबसे ज्यादा टेस्ट मैच हैं. बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक चयन समिति में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले सदस्य को मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी सौंपी जाती है.
🚨 Announcement 🚨
Mr Ramesh Powar @imrameshpowar appointed to Men’s Selection Committee.
Based on seniority (most Tests), Mr Pragyan Ojha @pragyanojha will chair the Committee.
BCCI appreciates Mr Ajit Agarkar @imAagarkar for his commitment, conviction and contribution during his tenure as Chairman of the Committee.
Details ▶️ https://t.co/z0jcyPWkr0
#TeamIndia
— BCCI (@BCCI) October 19, 2026
चयनकर्ता बनाए जाने से पहले रमेश पोवार महिला क्रिकेट टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं. उन्होंने भारत के लिए 2004 से 2007 के बीच 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले. इस दौरान उन्होंने कुल 40 विकेट हासिल किए. पोवार ने मुंबई की तरफ से 148 फर्स्ट क्लास मैच भी खेले हैं. क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कई कोचिंग भूमिकाओं में काम किया. इनमें भारतीय महिला राष्ट्रीय टीम, मुंबई की पुरुष राज्य टीम और राजस्थान की टीम के साथ काम करना शामिल है. इसके अलावा, उन्होंने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई.
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, “अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सदस्यता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने पुरुष चयन समिति के एक सदस्य की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की. सीएसी ने बीसीसीआई मुख्यालय में बैठक कर आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू किया. इस प्रक्रिया के बाद समिति ने सर्वसम्मति से रमेश पोवार की नियुक्ति की सिफारिश की.”

अजित अगरकर ने दो साल तक मुख्य चयनकर्ता के रूप में काम किया. उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीती. बीसीसीआई के साथ रिश्तों में आई खटास के कारण उनका करार आगे नहीं बढ़ाया गया. बीसीसीआई ने अगरकर के योगदान की सराहना करते हुए कहा, “बोर्ड पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में अजित अगरकर की प्रतिबद्धता, दृढ़ विश्वास और योगदान की सराहना करता है. जुलाई 2023 में नियुक्ति के बाद अगरकर ने एक महत्वपूर्ण दौर में चयन समिति का नेतृत्व किया. इस दौरान भारत ने तीन आईसीसी ट्रॉफी, दो एशिया कप खिताब और लगातार दो एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते.”

