नई दिल्ली. टी20 क्रिकेट में तबाही का दूसरा नाम बन चुके भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने एक और कारनामा अंजाम दिया है. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए सीरीज के पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार, 22 अक्टूबर को खेला गया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 226 रन का लक्ष्य रखा. इसका पीछा करते हुए अभिषेक ने अपनी पारी की शुरुआत छक्के से की. पहले ओवर की आखिरी गेंद पर उनको संजू सैमसन ने स्ट्राइक दिया. मैट हेनरी ने फुल लेंथ की गेंद ऑफ स्टंप के बाहर डाली. अभिषेक ने मौके का फायदा उठाया और कवर ड्राइव खेलते हुए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया.
Fast and furious, ft. Abhishek Sharma 🔥
Updates ▶️ https://t.co/ADfFnxXGzz
#TeamIndia | #NZvIND | @OfficialAbhi04 https://t.co/WZFRs6XIoF
— BCCI (@BCCI) October 22, 2026
टी20 इंटरनेशनल में यह सातवीं बार था जब अभिषेक शर्मा ने छक्के से अपना खाता खोला. इसके साथ ही उन्होंने अफगानिस्तान के शफीकुल्लाह शिनवारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया. शिनवारी ने कुल 6 बार बल्लेबाजी करते हुए पहली बॉल का सामना कर छक्का लगाया था. भारत के सूर्यकुमार यादव इस सूची में पांच छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
अभिषेक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी. शुरुआत में कुछ गेंदें खेलने के बाद उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन और एडम मिल्ने के खिलाफ तेजी से रन बनाए. तीसरे ओवर में मिल्ने के खिलाफ उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए. भारत ने लगातार दो ओवरों में फर्ग्यूसन के खिलाफ 22 और मिल्ने के खिलाफ 26 रन बटोरे. अभिषेक ने मिल्ने की गेंद पर एक और छक्का जड़कर अपनी पारी में छक्कों की संख्या तीन कर दी. छठे ओवर में वह स्पिनर माइकल ब्रेसवेल के खिलाफ इनसाइड-आउट ड्राइव खेलने की कोशिश में आउट हो गए. शॉर्ट थर्ड पर मिल्ने ने उनका कैच लपका.
अभिषेक ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 241.67 रहा. उनके आउट होने तक भारत ने 5.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 93 रन बना लिए थे. उन्होंने संजू सैमसन के साथ मिलकर सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन की ओपनिंग साझेदारी की. टीम को लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत दिलाई.

