Haryana News: हरियाणा सरकार ने राज्य में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने विभागों और राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के बीच सूचनाओं का समयबद्ध एवं सुचारू आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के लिए हर विभाग में किसी राजपत्रित अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए हैं।
समन्वय स्थापित करेंगे अधिकारी
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने एक पत्र जारी किया है, जिसके मुताबिक नामित नोडल अधिकारी राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा लिखित पत्राचार के माध्यम से मांगी गई सूचनाओं के लिए समन्वय स्थापित करने और ऐसी सूचनाएं उपलब्ध करवाने के लिए जिम्मेदार होंगे।
48 घंटे में ब्यूरो को सूचना
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि ब्यूरो से लिखित अनुरोध प्राप्त होने के बाद, जहां तक व्यावहारिक रूप से संभव हो, संबंधित सूचना 48 घंटे के भीतर उपलब्ध करवाई जाए, ताकि आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान में अनावश्यक विलंब न हो।
15 दिनों में देना होगा नाम
सभी विभागों को नामित नोडल अधिकारी का नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सहित पूरा विवरण इन निर्देशों के जारी होने के 15 दिनों के भीतर सतर्कता विभाग तथा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।


