नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक रिश्ते और क्रिकेट के संबंध बिगड़े हुए हैं. इसका असर पिछली कई आईसीसी इवेंट में देखने को मिला है. अब खबर है कि पाकिस्तान 2028 में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के सभी मुकाबलों की मेजबानी करना चाहता है. इसमें भारत से जुड़े मैचों को इससे अलग रखने की योजना है. ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को चुना जा सकता है.
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने शुक्रवार को घोषणा की कि 12 टीमों का यह टूर्नामेंट 7 सितंबर से 1 अक्टूबर 2028 तक खेला जाएगा. पाकिस्तान को टूर्नामेंट का मुख्य मेजबान बनाया गया है. हालांकि भारतीय टीम के मैच कहां होंगे, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
भारत और पाकिस्तान के बीच एक हाइब्रिड मेजबानी व्यवस्था लागू है. इसके तहत कोई देश ICC या एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के टूर्नामेंट की मेजबानी करता है तो दूसरा देश अपने मैच किसी तय न्यूट्रल वेन्यू पर खेलता है. यह व्यवस्था 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी से लागू हुई थी. पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का मेजबान था, लेकिन भारत ने अपने सभी मैच UAE के दुबई में खेले थे. भारत ने दुबई में ही फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया था. पाकिस्तान में टूर्नामेंट के कुल 15 में से 10 मुकाबले खेले गए थे जिनमें भारत के बिना वाला एक सेमीफाइनल भी शामिल था.
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के एक अधिकारी ने कहा कि बोर्ड 2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी इसी तरह की व्यवस्था पर जोर देगा. दुबई को लॉजिस्टिक्स के लिहाज से आसान विकल्प माना जा रहा है. यदि भारत फाइनल में नहीं पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला लाहौर में आयोजित किया जा सकता है.
2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में हाइब्रिड मॉडल लागू होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था. भारत ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था. इसके बाद भारतीय टीम के सभी मैच दुबई में आयोजित किए गए. इस व्यवस्था की कुछ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, कोचों और आलोचकों ने आलोचना की थी. उनका कहना था कि भारत को एक ही शहर में खेलने और लगातार यात्रा से बचने का फायदा मिला. बाकी टीमों को अलग-अलग शहरों और देशों के बीच सफर करना पड़ा.

