Bihar News: बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। शादी के 24 घंटे के भीतर दूल्हे की मौत हो गई। 24 घंटे पहले जिस घर में शहनाई गूंज रही थीं, वहां आज मातम छाया है। गीतों के बजाय परिजनों का चीत्कार सुनाई दे रहा है। सात फेरों के साथ जीवनभर साथ निभाने का वचन देने वाले दूल्हे डॉ. पवन कुमार यादव का साथ उनकी नवविवाहिता प्रीति कुमारी से महज 24 घंटे के भीतर छूट गया। दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग भी अभी फीका नहीं पड़ा था कि उसका सुहाग उजड़ गया।
बहुभोज के दिन उजड़ गया सुहाग
घर में गुरुवार को बहूभोज की तैयारियां थीं। सगे-संबंधियों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का जुटान हुआ था। डॉ. पवन कुमार यादव खुद मुस्कुराते हुए मेहमानों की आवभगत में लगे थे। कोई भोजन कर रहा था, तो कोई नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दे रहा था। घर-आंगन में खुशियों का माहौल था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि कुछ ही देर में यह उत्सव ऐसी त्रासदी में बदल जाएगा, जिसे दोनों परिवार शायद ही कभी भूल पाएं।
अचानक दूल्हे की तबीयत बिगड़ी
इसी दौरान अचानक डॉ. पवन कुमार की तबीयत बिगड़ गई। स्वजन आनन-फानन में उन्हें फलका पीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर घर पहुंचते ही शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। जिस दूल्हे को कुछ देर पहले तक लोग बधाइयां दे रहे थे, उसकी असमय मौत से हर कोई स्तब्ध था।
25 नवंबर को हुई थी शादी
पोठिया बाजार वार्ड संख्या तीन निवासी डॉ. पवन कुमार यादव की शादी 25 नवंबर को दीरा चांदपुर गांव में हुई थी। परिवार में नई बहू के आगमन और वैवाहिक जीवन की शुरुआत को लेकर उत्साह था, लेकिन नियति के इस क्रूर मोड़ ने परिवार को खुशियों के बजाय बेटे की अर्थी उठाने का सदमा दे दिया।
मां की चीत्कार ने भेदा कलेजा
अचानक बेटे की मौत ने मां प्रभा देवी को भीतर तक तोड़ दिया। जवान बेटे को खोने का सदमा वह सहन नहीं कर पा रही थीं। बार-बार बेटे को पुकारते हुए कह रही थीं, “बेटा रे… सुगवा हो… हे भगवान! यह क्या हो गया। अभी तो मेरे लाल ने नई जिंदगी की शुरुआत ही की थी। किसकी बुरी नजर लग गई मेरे बेटे को। अब किसके सहारे जिऊंगी?”

