
Amit Shah, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय समिति ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के लिए 1,912.99 करोड़ रुपए की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता मंजूर की। ये राज्य 2025 के दौरान बाढ़, अचानक आई बाढ़, बादल फटने, ‘मोंथा’ चक्रवात और भूस्खलन जैसी आपदाओं से प्रभावित हुए थे। यह केंद्रीय सहायता राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) से दी गई है, जिसमें राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) में उस वर्ष के लिए उपलब्ध शुरूआती शेष राशि के 50 प्रतिशत का समायोजन किया जाएगा।
जानिए किस राज्य के लिए कितनी राशि मंजूर
गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि कुल 1,912.99 करोड़ रुपए की राशि में से आंध्र प्रदेश के लिए 341.48 करोड़ रुपए, छत्तीसगढ़ के लिए 15.70 करोड़ रुपए,गुजरात के लिए 778.67 करोड़ रुपए, हिमाचल प्रदेश के लिए 288.39 करोड़ रुपए, नागालैंड के लिए 158.41 करोड़ रुपए और जम्मू और कश्मीर के लिए 330.34 करोड़ रुपए,मंजूर किए गए हैं। मंत्रालय के अनुसार, यह अतिरिक्त सहायता उन निधियों के अलावा है जो केंद्र द्वारा राज्यों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के तहत पहले ही जारी की जा चुकी हैं और राज्यों के पास उपलब्ध हैं।
एसडीआरएफ के तहत 28 राज्यों को 20,735.20 करोड़ रुपए
वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान, केंद्र सरकार ने एसडीआरएफ के तहत 28 राज्यों को 20,735.20 करोड़ रुपए, और एनडीआरएफ के तहत 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपए जारी किए हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य आपदा शमन कोष (एसडीएमएफ) से 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपए और राष्ट्रीय आपदा शमन कोष (एनडीएमएफ) से 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपए भी जारी किए गए हैं।
‘मोंथा’ चक्रवात के कारण 6,352 करोड़ रुपए का नुकसान
पिछले साल दिसंबर में, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और वंगलपुडी अनिता ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और चक्रवात ‘मोंथा’ से हुए नुकसान पर एक रिपोर्ट सौंपी। इस चक्रवात के कारण 6,352 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ और 3,109 गांव प्रभावित हुए। राज्य सरकार ने 1.92 लाख लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया और पुनर्निर्माण के लिए केंद्र से तत्काल सहायता की मांग की। सड़कों, बुनियादी ढांचे और आवास के क्षेत्र में भारी नुकसान की खबरें हैं।
ये भी पढ़ें : Amit Shah Puducherry Visit: गृह मंत्री ने पुलवामा हमले के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कांग्रेस पर बोला हमला
