PM Modi Noida Visit, (द भारत ख़बर), नोएडा (उत्तर प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पहले चरण का शनिवार को लोकार्पण कर दिया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने एयरपोर्ट्स की अहमियत बताई। इसके अलावा पश्चिम एशिया तनाव का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भारत किस तरह इस संकट से निपटने के लिए कदम उठा रहा है। पीएम ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर हमला भी बोला।
यूपी सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, देश का सबसे बड़ा प्रदेश (यूपी) आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है। उन्होंने कहा, आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। इसमें पहला, नोएडा एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है।दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है। बता दें कि पीएम मोदी ने ही नोएडा एयरपोर्ट की नींव 25 नवंबर 2021 को रखी थी।
जंग के चलते आज पूरी दुनिया चिंतित
पीएम ने कहा, हवाई अड्डा न केवल सामान्य सुविधा होता है, बल्कि यह इलाके के साथ-साथ देश के विकास का भी जरिया बनता है। उन्होंने कहा, देश के युवा जानते हैं, यह काम नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है।उन्होंने कहा, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग के चलते आज पूरी दुनिया चिंतित है। एक महीने से जारी इस युद्ध के कारण पूरे पश्चिम एशिया में तनाव है जिस कारण कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है।
हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा
उन्होंने कहा, हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है और हमारा भारत भी देशवासियों की ताकत के भरोसे पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस, युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है, इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों और हमारे किसान भाई-बहनों पर बोझ न पड़े। संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है।
सपा व कांग्रेस के राज में फाइलों में दबा रहा हवाई अड्डा
प्रधामनंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 तक, यह हवाई अड्डा फाइलों में दबा रहा। फिर सपा सरकार ने काम को आगे नहीं बढ़ने दिया। लेकिन जैसे ही उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी, एयरपोर्ट की नींव रखी गई और अब हवाई अड्डा चालू है। उन्होंने कहा, नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे।
ये भी पढ़ें : Noida Airport: घने कोहरे, कम दृश्यता व बारिश में भी हो सकेगी विमानों की उड़ान व लैंडिंग

