15 अप्रैल से करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
Amarnath Yatra, (द भारत ख़बर), श्रीनगर: श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। इस वर्ष बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पवित्र यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 को रक्षा बंधन के दिन समाप्त होगी। इस तरह यह यात्रा कुल 57 दिनों तक चलेगी। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत जानकारी दी है।
यात्रा शुरू होने से पहले भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के लिए प्रथम पूजा 29 जून 2026 को ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित की जाएगी। इस पूजा के बाद यात्रा की औपचारिक शुरूआत होगी। इस यात्रा के लिए जम्मू के भगवती नगर बेस कैम्प से पहला जत्था रवाना होगा। यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू होंगे।
एलजी मनोज सिन्हा ने यात्रा की जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि 13 से 70 साल की उम्र वाले यह यात्रा कर सकते हैं। यात्रा के लिए अनंतनाग से पारंपरिक 48 किमी लंबा नुनवान-पहलगाम रूट और गांदरबल से 14 किमी लंबा बालटाल रूट खुला रहेगा।
देशभर में 556 बैंक शाखाओं में करा सकते हैं यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन
एलजी सिन्हा ने बताया कि देशभर में लगभग 556 बैंक शाखाओं के जरिए यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है, जबकि श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन भी होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए यस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया और एक्सिस बैंक की ब्रांचेस में यात्रा के रजिस्ट्रेशन फॉर्म उपलब्ध रहेंगे।
ये भी पढ़ें: अब महिला आरक्षण कानून को लागू करने का समय

