पाकिस्तान पहुंचे अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल, आज होगी वार्ता
US-Iran Peace Talk (द भारत ख़बर), इस्लामाबाद : अमेरिका और ईरान के बीच 40 दिन युद्ध चलने के बाद अब आखिरकार दोनों देशों के बीच सुलह और शांति की उम्मीद नजर आने लगी है। आज दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल वार्ता करेंगे। इसमें पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। एक दिन पहले जहां ईरान ने वार्ता के लिए आनाकानी की थी वहीं अब उसका प्रतिनिधिमंडल भी पाकिस्तान पहुंच गया है। जिससे उम्मीद जगी है कि दोनों पक्षों में सकारात्मक बातचीत होगी।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्टÑपति जेडी वेंस कर रहे हैं जबकि ईरान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ कर रहे हैं। एसोसिएटेड प्रेस ने सरकारी टेलीविजन के हवाले से यह जानकारी दी। पश्चिम एशिया में जारी संघर्षविराम अभी भी अस्थिर बना हुआ हुआ है। इससे पहले, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शुक्रवार को पाकिस्तान के लिए रवाना हुए। उनकी ईरान के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय वार्ता होनी है। यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है, जब इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच फिर से गोलीबारी जारी है। ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए हुए है।
ट्रंप ने ईरान को सीधी धमकी दी
ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि हमने एक नई शुरूआत की है। हम जहाजों को सबसे अच्छे गोला-बारूद, बेहतरीन हथियारों से लैस कर रहे हैं- अब तक के सबसे बेहतरीन हथियार, यहां तक कि पहले से भी बेहतर और हमने उन्हें पहले भी तबाह किया है। उन्होंने आगे कहा, अगर हमारे पास कोई समझौता नहीं होता है, तो हम उनका इस्तेमाल करेंगे और हम उनका प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा, ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर भी एक पोस्ट की।
इसमें उन्होंने लिखा, ईरानियों के पास कोई कार्ड (बढ़त या ताकत) नहीं है और वे केवल अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के जरिये दुनिया से जबरन वसूली कर सकते हैं। आज वे सिर्फ इसलिए जिंदा हैं, ताकि बातचीत कर सकें। वहीं दूसरी तरफ इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने क्षेत्र में तनाव कम करने की दिशा में संकेत दिया है और लेबनान के साथ सीधी बातचीत की अनुमति दी है। हालांकि, लेबनान सरकार ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नही दी।
ये भी पढ़ें : Donald Trump Warns Iran : ईरान ने समझौता न किया तो करेंगे खतरनाक हमला : ट्रंप

