भाजपा नेता नितेश राणे बोले- हिंदू राष्ट्र में ये संभव नहीं, इसके लिए इस्लामिक देश में जाएं ओवैसी
Asaduddin Owaisi, (द भारत ख़बर), मुंबई: एक दिन हिजाब पहनने वाली बेटी भारत की प्रधानमंत्री बनेगी। जो पार्टियां आज देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने का काम कर रहीं हैं, उनकी दुकान अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। यह कहना है एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी का। ओवैसी शुक्रवार को महाराष्ट्र के सोलापुर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
वहीं ओवैसी के बयान का जवाब महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने दिया। उन्होंने मीडिया से कहा, ओवैसी हिंदू राष्ट्र में ऐसे बयान नहीं दे सकते हैं। जो लोग ऐसे पदों पर बैठना चाहते हैं, उन्हें अपने इस्लामिक देशों में जाना चाहिए। हम बुर्के वाली और हिजाब पहनने वाली के साथ ओवैसी को भी बैठाएंगे और यहां से भगा देंगे।
बाबा साहब का संविधान कहता है कि कोई भी भारतीय नागरिक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मेयर बन सकता है
पाकिस्तान के संविधान में लिखा है कि सिर्फ एक ही धर्म का व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है, लेकिन बाबा साहब का संविधान कहता है कि कोई भी भारतीय नागरिक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मेयर बन सकता है।
भारत का प्रधानमंत्री हमेशा एक हिंदू होगा
वहीं असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि संविधान के अनुसार कोई रोक नहीं है। कोई भी प्रधानमंत्री बन सकता है, लेकिन भारत एक हिंदू राष्ट्र और हिंदू सभ्यता वाला देश है। हमें पूरा भरोसा है कि भारत का प्रधानमंत्री हमेशा एक हिंदू होगा।
मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने वालों का अंत होगा
ओवैसी ने आरोप लगाया कि कई अन्य पार्टियां मुसलमानों के खिलाफ नफरत भड़का रही हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाते हैं, उनका अंत होगा। जब प्यार आम हो जाएगा, तो लोगों को एहसास होगा कि उनके लोगों के दिमाग में कैसे जहर घोला गया था।
हिजाब वाली महिला को एआईएमआईएम अध्यक्ष बनाएं ओवैसी
इस पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा संविधान किसी को नहीं रोकता, लेकिन ओवैसी को चुनौती देता हूं कि पहले आप किसी पसमांदा या हिजाब वाली को एआईएमआईएम का अध्यक्ष बनाएं।
ये भी पढ़ें: आॅपरेशन सिंदूर केवल रुका है, खत्म नहीं हुआ: सीडीएस

