हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री दूसरी बार विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए शिक्षा और युवाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए। ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश करते हुए उन्होंने कहा कि यह पिछले बजट से 10.28 प्रतिशत अधिक है। बजट भाषण की शुरुआत उन्होंने गुरु नानक देव जी के सिद्धांत ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ से की।
हरियाणा दिवस तक खत्म होगी टाट-पट्टी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 1 नवंबर, हरियाणा दिवस तक राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में डबल डेस्क की व्यवस्था कर दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब कोई भी बच्चा सरकारी स्कूल में टाट-पट्टी पर नहीं बैठेगा। यह कदम सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
सरकार एकल पारी (Single Shift) स्कूलों को बढ़ावा देने पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे छात्रों को बेहतर शिक्षण वातावरण और पर्याप्त समय मिल सके।
‘सुपर 100’ योजना का विस्तार, सीटें 500
मुख्यमंत्री ने ‘सुपर 100’ योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत 227 छात्रों ने JEE Main में सफलता हासिल की है। अब सरकार ने इस योजना के तहत सीटों की संख्या 400 से बढ़ाकर 500 करने की घोषणा की है, ताकि अधिक से अधिक मेधावी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सके।
1 लाख युवाओं को AI ट्रेनिंग
युवाओं के कौशल विकास पर फोकस करते हुए सीएम सैनी ने घोषणा की कि एक लाख युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार से जोड़ने की भी योजना है। इसे डिजिटल और टेक्नोलॉजी सेक्टर में हरियाणा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
किसानों के लिए एग्री डिस्कॉम
कृषि क्षेत्र के लिए सरकार ‘एग्री डिस्कॉम’ नाम से नया बिजली निगम बनाने जा रही है। इसके तहत किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे सिंचाई सुविधाओं में सुधार होगा और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
‘हर नारी, स्वस्थ नारी’ योजना
महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने ‘हर नारी, स्वस्थ नारी’ योजना के तहत हर जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक स्थापित करने की घोषणा की है। यह पहल महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हांसी बनेगा मॉडर्न जिला
मुख्यमंत्री ने नए जिले हांसी को आधुनिक जिला (Modern District) के रूप में विकसित करने का भी ऐलान किया। इसके तहत बुनियादी ढांचे, प्रशासनिक सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
फिलहाल मुख्यमंत्री विधानसभा में बजट भाषण पढ़ रहे हैं और आगे भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की संभावना है। शिक्षा, युवाओं, किसानों और महिलाओं पर केंद्रित ये फैसले सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

