दिल्ली: दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार के अंदर तीन लोगों की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान कर ली है, जो घटना के समय उस कार में मौजूद था, जिसमें दो पुरुषों और एक महिला के शव मिले थे। सीसीटीवी फुटेज में यह व्यक्ति ‘बाबा’ के वेश में कार में बैठा हुआ नजर आ रहा है, जिसे पुलिस जांच की अहम कड़ी मान रही है।
यह घटना 8 फरवरी को पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास सामने आई थी, जहां एक बंद कार में तीन लोग मृत पाए गए थे। पुलिस के अनुसार, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घटना से पहले ‘बाबा’ के वेश में मौजूद यह व्यक्ति मृतकों के संपर्क में था और कुछ समय तक कार के अंदर भी बैठा रहा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस व्यक्ति की भूमिका क्या थी और घटना वाले दिन उसकी तीनों मृतकों से मुलाकात किन हालात में हुई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। हालांकि शुरुआती जांच में किसी तरह के बाहरी संघर्ष के संकेत नहीं मिले हैं, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
PCR कॉल से हुआ खुलासा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 3:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार में तीन लोग बैठे हैं, कार के दरवाजे बंद हैं और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कार के अंदर दो पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में पाए गए। जांच में सामने आया कि कार करीब 50 मिनट पहले ही घटनास्थल पर खड़ी की गई थी।
मृतकों की पहचान और परिवार के सवाल
पुलिस ने मृतकों की पहचान रणधीर (76 वर्ष) निवासी बापरोला, शिव नरेश सिंह (47 वर्ष) और लक्ष्मी देवी (40 वर्ष) निवासी जहांगीरपुरी के रूप में की है। बताया जा रहा है कि तीनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। शुरुआती संकेतों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने जहर मिला शीतल पेय पिया हो सकता है।
वहीं मृतकों के परिजनों का कहना है कि घर से निकलते समय तीनों पूरी तरह सामान्य और खुश थे। किसी तरह के तनाव या परेशानी की बात सामने नहीं आई थी। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है और आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल उठा रहा है।
फिलहाल पुलिस ‘बाबा’ के वेश में नजर आए व्यक्ति की भूमिका, मृतकों के आपसी संबंध और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।
