हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत निकाली गई भर्तियों में बड़ा संशोधन करते हुए अभ्यर्थियों को राहत दी है। आयोग द्वारा जारी ताजा सूचना के अनुसार विभिन्न कैटेगरी में पदों की संख्या बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही आवेदन प्रक्रिया की तारीखों में भी बदलाव किया गया है, जिससे अब उम्मीदवारों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
संशोधित विज्ञापन के मुताबिक ग्रुप-2 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट पदों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां इन पदों की संख्या 486 थी, अब इसे बढ़ाकर 586 कर दिया गया है। इसी तरह ग्रुप-3 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट के पद 696 से बढ़ाकर 702 कर दिए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव ग्रुप-3 में जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पदों में देखने को मिला है, जहां पहले 173 पद निर्धारित थे, जिन्हें अब बढ़ाकर 260 कर दिया गया है।
पदों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ आयोग ने आवेदन प्रक्रिया की तिथियों में भी संशोधन किया है। पहले यह आवेदन 2 फरवरी 2026 से शुरू होने थे, लेकिन अब ये 6 फरवरी 2026 से शुरू किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार आवेदन की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें नई तारीखों के अनुसार अपनी योजना बनाने की सलाह दी गई है।
HSSC चेयरमैन की ओर से भी इस संबंध में जानकारी साझा की गई है, जिसमें संशोधित पद संख्या और आवेदन तिथियों की पुष्टि की गई है। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले संशोधित विज्ञापन और सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी भी तरह की त्रुटि से बचा जा सके।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, संशोधित विज्ञापन और आधिकारिक नोटिस हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hssc.gov.in पर उपलब्ध है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें। बढ़ी हुई पद संख्या को देखते हुए इस भर्ती में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी का अवसर मिलने की उम्मीद है।

