Haryana CET News: हरियाणा में CET (संयुक्त पात्रता परीक्षा) ग्रुप C का परिणाम घोषित होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजरें ग्रुप D परीक्षा पर टिक गई हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने ग्रुप D परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शैक्षणिक संस्थानों में बनाए जाने वाले परीक्षा केंद्रों के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है, जिससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि आयोग किसी भी समय ग्रुप D परीक्षा को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर सकता है।
नोडल अधिकारियों की तैनाती से बढ़ी परीक्षा की उम्मीद
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से CET ग्रुप D परीक्षा केंद्रों के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय की संयुक्त निदेशक डॉ. अलका को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। डॉ. अलका ने बताया कि उन्हें इस संबंध में आधिकारिक पत्र प्राप्त हो चुका है। जब भी आयोग ग्रुप D की परीक्षा आयोजित करेगा, उस समय उच्च शैक्षणिक संस्थानों में परीक्षा केंद्र स्थापित करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाएगी। नोडल अधिकारी की नियुक्ति को परीक्षा प्रक्रिया की अहम कड़ी माना जा रहा है।
पिछली बार अक्टूबर 2023 में हुई थी ग्रुप D परीक्षा
गौरतलब है कि इससे पहले ग्रुप D की परीक्षा 21 और 22 अक्टूबर 2023 को आयोजित की गई थी। उस समय परीक्षा के लिए करीब 13.75 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 8.55 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। ग्रुप D में केवल एक ही परीक्षा होती है और उसी के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी जाती है।
विधानसभा सत्र में सीएम ने दिए थे संकेत
हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी ग्रुप D परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर संकेत दिए थे। मुख्यमंत्री के बयान के बाद से ही माना जा रहा था कि CET ग्रुप C के परिणाम आने के तुरंत बाद ग्रुप D प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
ग्रुप C का परिणाम पहले ही हो चुका है जारी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने इसी वर्ष 26 और 27 जुलाई को CET ग्रुप C की परीक्षा आयोजित की थी। इस परीक्षा के लिए 12.48 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। चार सत्रों में आयोजित हुई इस परीक्षा का परिणाम आयोग ने 5 दिसंबर को घोषित कर दिया था, जिसके बाद ग्रुप C भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
हजारों पदों पर होनी है विभागीय परीक्षाएं
हरियाणा में भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा अपडेट यह भी है कि 5600 पुलिस कांस्टेबल के पदों के विज्ञापन पहले ही वापस लिए जा चुके हैं। इसके अलावा ग्रुप C के विभिन्न पदों पर 3053 पदों के विज्ञापन भी निरस्त किए गए हैं। इस तरह कुल मिलाकर प्रदेश में 8653 पदों पर विभागीय परीक्षाएं आयोजित की जानी हैं।
खेल कोटे की परीक्षाएं भी होंगी आयोजित
ग्रुप D भर्ती के साथ-साथ खेल कोटे से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए भी परीक्षाएं आयोजित की जानी हैं। आयोग की तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में हरियाणा में भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगी और लाखों युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।



