
मुंबई में 227 सीटों में से बीजेपी गठबंधन को 115 पर बढ़त
Maharashtra Election Result, (द भारत ख़बर), मुंबई: महाराष्ट्र के नगर निगम चुनाव में भाजपा गठबंधन एकतरफा जीत की ओर है। रुझानों में 29 नगर निगमों में से 23 में भाजपा गठबंधन को बढ़त है। मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम में भाजपा-शिवसेना (शिंदे) अलायंस कुल 227 सीटों में से 115 सीटों पर आगे चल रहा है। इसके अलावा नागपुर, पुणे, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपरी चिंचवाड और नासिक में भी भाजपा गठबंधन को बढ़त है।
लातूर में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। 70 में से 43 सीटें जीतीं। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा, मुंबई में जिस तरह गिनती जारी है, उसे देखते हुए फाइनल नतीजे आधी रात तक नहीं आएंगे। जारी आंकड़े गलत हैं। करीब 100 वार्डों में अभी तक गिनती शुरू भी नहीं हुई। राज्य में निगम चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग हुई थी। शुक्रवार को नगर निगम चुनाव की सुबह 10 से काउंटिंग जारी है। 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं। नगर निगम की कुल 2869 सीटें हैं। इनमें से 68 उम्मीदवार निर्विरोध जीत हासिल कर चुके हैं।
महाराष्ट्र के लोगों के साथ एनडीए का रिश्ता और मजबूत हुआ
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राज्य के लोगों ने एनडीए के जन-समर्थक सुशासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया है। अलग-अलग नगर निगम चुनावों के नतीजे बताते हैं कि महाराष्ट्र के लोगों के साथ एनडीए का रिश्ता और मजबूत हुआ है। हमारा ट्रैक रिकॉर्ड और विकास का विजन लोगों को पसंद आया है। पूरे महाराष्ट्र के लोगों का मैं आभारी हूं।
यह वोट प्रगति को गति देने और राज्य की शानदार संस्कृति का जश्न मनाने के लिए है। मुझे हर उस एनडीए कार्यकर्ता पर गर्व है जिसने पूरे महाराष्ट्र में लोगों के बीच अथक मेहनत की। उन्होंने हमारे गठबंधन के ट्रैक रिकॉर्ड के बारे में बात की, आने वाले समय के लिए हमारे विजन को सामने रखा और विपक्ष के झूठ का भी प्रभावी ढंग से जवाब दिया। उन्हें मेरी शुभकामनाएं।
जनता ने उद्धव-राज को सबक सिखाया
बीएमसी चुनाव पर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा, मुंबईकर सालों से बहुत कुछ करना चाहते थे, लेकिन यह माफिया चाहे वह राज ठाकरे हों या उद्धव ठाकरे, उन्हें धमकाते और डराते थे। आज मुंबई के लोगों ने उन्हें सबक सिखाया। उसने अपने ही पिता को धोखा दिया। आखिर में उद्धव ठाकरे की इज्जत किसने बचाई थी? मुसलमानों और बांग्लादेशियों ने। आखिर में उसे अल्लाह की शरण लेनी पड़ी।
ये भी पढ़ें: 20 जनवरी को होगा भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान
