ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने डोनाल्ड ट्रंप से की विशेष वार्ता
Strait of Hormuz (द भारत ख़बर), लंदन : अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने विश्व व्यापार के लिए सबसे बड़े और अहम समुद्री रास्ते हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है। इस मुख्य मार्ग के बंद होने से सैंकड़ों पोत सामान से भरे होने के बावजूद इसके आसपास रुके हुए हैं। इस अहम समुद्री मार्ग के बंद होने से विश्व सप्लाई चेन बुरी तरह से बाधित हो रही है। जिससे एशिया सहित विश्व के कई अन्य देशों में र्इंधन और गैस की जबरदस्त किल्लत पैदा हो गई है।
इसी प्रमुख समुद्री मार्ग को खुलवाने के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कियर स्टार्मर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से चर्चा की। डाउनिंग स्ट्रीट की एक प्रवक्ता के अनुसार, दोनों नेताओं ने जलमार्ग के बंद होने से वैश्विक शिपिंग पर पड़ रहे प्रभाव पर बात की। स्टार्मर ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से भी स्थिति के आर्थिक प्रभावों पर चर्चा की। दोनों नेता सोमवार को निर्धारित बैठक में पश्चिम एशिया संघर्ष और सुरक्षा उपायों पर आगे चर्चा करने पर सहमत हुए।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य के लिए अंतरराष्ट्रीय गठबंधन की तैयारी
अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन इस सप्ताह घोषणा कर सकता है कि कई देशों ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाली जहाजों की सुरक्षा के लिए एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बनाने पर सहमति जताई है। गठबंधन का उद्देश्य महत्वपूर्ण जलमार्ग पर नौवहन को सुरक्षित करना और क्षेत्रीय तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सुचारू बनाए रखना है।
मैं तो कॉफी के लिए मरा जा रहा हूं : नेतन्याहू
ईरान के खिलाफ जारी युद्ध में जहां इजरायल ईरान पर खूब हमले कर रहा है। वहीं ईरान भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले इजरायल पर कर रहा है। इस युद्ध को लेकर सबसे ज्यादा अपडेट सोशल मीडिया पर आ रही है। इसी के चलते बीते रोज सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हुई की ईरान के हमले में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू की मौत हो गई है।
हालांकि इस वायरल पोस्ट का जवाब देते हुए नेतन्याहू ने कुछ ही देर बाद अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया जिसमें वह कॉफी की चुसकियां लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन लिखा कि मैं तो कॉफी के लिए मरा जा रहा हूं। इससे पहले इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को उनके कार्यालय ने पूरी तरह से खारिज कर दिया था। प्रधानमंत्री कार्यालय ने साफ कहा था कि ‘ये सब फर्जी खबरें हैं, प्रधानमंत्री पूरी तरह ठीक हैं।’
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : अमेरिका को चुकानी पड़ रही युद्ध की भारी कीमत

