बढ़ सकती है मृतकों की संख्या, विदेशी पर्यटक भी बस में सवार थे
Nepal Accident (द भारत ख़बर), काठमांडू : पड़ौसी देश नेपाल में एक बड़े हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल और कुछ लापता है। मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार यह हादसा यात्रियों से भरी बस के नदी में गिरने से हुआ। बस में कुछ विदेशी पर्यटक भी सवार थे। हालांकि किन-किन देशों के नागरिक इसमें सवार थे यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पोखरा से काठमांडू जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हुआ। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना भारतीय समयनुसार रात करीब एक बजे चिनाधारा क्षेत्र के पास हुई। बस में करीब 40 से 45 से अधिक यात्री सवार थे। मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं।
हादसे में 25 से 27 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल है। बस पृथ्वी राजमार्ग पर चल रही थी। बताया जा रहा है कि बेनीघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-5 के भैसेपाटी इलाके के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर नीचे ढलान से होते हुए नदी किनारे जा गिरा। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
चालक द्वारा बस से नियंत्रण खो देना बताया जा रहा कारण
पुलिस ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका है कि चालक ने नियंत्रण खो दिया या सड़क की स्थिति खराब थी। बस में क्षमता से अधिक यात्री होने की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। हादसा रात के समय हुआ, जिससे बचाव अभियान में दिक्कत आई।
ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : आतंकियों के निशाने पर थे दिल्ली, मुंबई और अयोध्या के धार्मिक स्थल

