चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी पंजाब के राज्य महासचिव और पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन सरदार हरचंद सिंह बरसट ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार को पंजाब के साथ हो रहे भेदभाव को तुरंत खत्म करना चाहिए और राज्य को उसके बनते अधिकार बिना देरी के देने चाहिए।
उन्होंने कहा कि हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों को मजबूती से उठाया है। यह बैठक पंजाब के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हरचंद सिंह बरसट ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात के दौरान सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, खेती से जुड़ा संकट, पानी से जुड़े विवाद, एसवाईएल मुद्दा, एफसीआई द्वारा अनाज की धीमी ढुलाई, आढ़तियों का कमीशन, ग्रामीण विकास फंड और मार्केट फीस का बकाया भुगतान, चंडीगढ़ प्रशासन में पंजाब की भूमिका कम किए जाने और प्रस्तावित बीज बिल 2025 पर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं।
उन्होंने कहा कि पंजाब देश की खाद्य सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभाता है, इसके बावजूद राज्य को बार-बार नजरअंदाज किया जा रहा है। अब केंद्र सरकार को सिर्फ बैठकों और वादों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ठोस फैसले लेकर पंजाब को उसका हक देना चाहिए।
