मार्च 2026 में जीएसटी कलेक्शन बढ़कर 2,00,064 करोड़ रुपए पहुंचा
GST Collection (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ से देश के उद्योग को बचाने के लिए सितंबर 2025 में भारतीय सरकार ने जीएसटी सुधार करते हुए नई जीएसटी प्रणाली लागू की थी। जिसका असर देश के उद्योग जगत पर स्पष्ट रूप से देखा गया। भारत ने अमेरिकी टैरिफ के बावजूद अच्छी विकास दर हासिल की। वहीं अब जीएसटी कलेक्शन से सरकार की तिजौरी भी लगातार भर रही है।
इतना बढ़ा जीएसटी कलेक्शन
वित्त मंत्रालय के जारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 में सकल जीएसटी कलेक्शन बढ़कर 2,00,064 करोड़ रुपए हो गया, जो मार्च 2025 के 1,83,845 करोड़ रुपए के मुकाबले 8.8% अधिक है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कुल जीएसटी संग्रह 22.27 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 20.55 लाख करोड़ रुपये से 8.3% ज्यादा है। यह आंकड़े टैक्स कलेक्शन में लगातार बने हुए मजबूत रुझान को दर्शाते हैं। मार्च में दो लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना साल के अंत में बेहतर अनुपालन और आर्थिक गतिविधियों में तेजी का संकेत माना जा रहा है।
जीएसटी कलेक्शन में इन राज्यों का अहम योगदान
वित्त मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों की बात करें तो महाराष्ट्र (+17%), कर्नाटक (+14%) और तेलंगाना (+19%) जैसे कई बड़े राज्यों में मार्च में एसजीएसटी में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई । आंकड़ों के अनुसार, घरेलू जीएसटी राजस्व मार्च में 5.9% बढ़कर 1.46 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो देश के भीतर स्थिर खपत को दशार्ता है।
वहीं, आयात से जुड़े जीएसटी कलेक्शन में 17.8% की तेज वृद्धि दर्ज की गई, जो बढ़ती आयात गतिविधियों और बेहतर कस्टम्स कलेक्शन की ओर इशारा करती है। आयात में भारी वृद्धि के चलते मार्च में आईजीएसटी संग्रह बढ़कर 1.06 लाख करोड़ रुपये हो गया। सीजीएसटी और एसजीएसटी संग्रह में भी मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जो केंद्र और राज्य कर घटकों में संतुलित वृद्धि को दशार्ती है।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने में 750 रुपए तेजी, चांदी में 1380 रुपए गिरावट

