
पुरुष आयोग नाम के संगठन के लोगों ने सेंगर के समर्थन में की नारेबाजी
Unnao Rape Case Protest, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: उन्नाव रेप पीड़ित और कुलदीप सेंगर समर्थकों में रविवार को झड़प हो गई। सेंगर के समर्थन में पुरुष आयोग नाम के संगठन के लोग दिल्ली में जंतर-मंतर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। जब पीड़ित पक्ष में प्रदर्शन कर रहीं योगिता भयाना ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में जमकर नारेबाजी और झड़प हो गई। सेंगर समर्थकों के हाथों में आई सपोर्ट कुलदीप सेंगर का बैनर था। प्रदर्शन में शामिल रेप पीड़ित ने कहा कि हमारे पारिवारिक सदस्यों और गवाहों की सुरक्षा हटा दी गई है।
रेप पीड़िता की तबीयत हुई खराब
उधर, धरने पर बैठी उन्नाव रेप पीड़ित की तबीयत अचानक खराब हो गई। यह बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर योगिता भयाना ने वीडियो शेयर करते हुई कही। इसमें योगिता ने लिखा- लगातार मानसिक दबाव और न्याय में देरी अब उसके स्वास्थ्य पर भी असर डाल रही है।
मुझे सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा
साथ ही योगिता भयाना ने कहा, हम चाहते हैं कि कुलदीप सिंह सेंगर के मामले में जो सुनवाई हुई है, उसे खारिज किया जाए। ये बच्ची यहां आना चाहती थी, इसलिए हम उसके समर्थन में यहां आए हैं। इस बच्ची की कानूनी लड़ाई अच्छे से नहीं लड़ी गई है। इस पर पीड़ित ने कहा, मुझे सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है कि वह इंसाफ देगा। मैं हर महिला की आवाज उठा रही हूं।
जमानत मिलने का हो रहा विरोध
23 दिसंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने कुलदीप सेंगर को सशर्त जमानत दी थी। इसके बाद से ही विरोध प्रदर्शन हो रहा है। उसी दिन रेप पीड़ित, उसकी मां और एक्टिविस्ट योगिता भयाना 23 दिसंबर की शाम को इंडिया गेट के सामने धरने पर बैठ गई थीं। आधी रात पुलिस इंडिया गेट पहुंची और उन्हें हटने के लिए कहा। इस पर नोकझोंक और बहस हुई।
आखिरकार तीनों को जबरन इंडिया गेट से हटा दिया गया था। महिला सिपाही पीड़ित और उसकी मां को उठाकर अपने साथ ले गई थी। इसके बाद से लगातार प्रदर्शन हो रहा है। 26 दिसंबर को महिला एक्टिविस्ट योगिता भयाना समेत तमाम महिलाओं ने संसद भवन के बाहर प्रदर्शन किया था।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच करेगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट उन्नाव रेप केस में दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर की सजा सस्पेंड करने के खिलाफ 29 दिसंबर को सुनवाई करेगा। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की याचिका सुनवाई के लिए लिस्ट की गई है। इसमें दिल्ली दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच सुनवाई करेगी।
सीबीआई कार्यालय में कराया गया डेढ़ घंटा इंतजार
इससे पहले शनिवार को भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर की जमानत के खिलाफ रेप पीड़ित दिल्ली में सीबीआई आॅफिस पहुंची थी। जहां उसने बेल के खिलाफ एप्लिकेशन दी। पीड़ित ने कहा था- मुझे डेढ़ घंटे इंतजार कराया गया। उसके बाद कर्मचारियों ने मेरी एप्लिकेशन ली। पहले मुझसे कहा गया कि आज छुट्टी है, मंडे को आना, लेकिन बाद में एप्लिकेशन ले ली गई। सोमवार को बुलाया गया है।
