अहिल्यादेवी होलकर सरकारी मेडिकल कॉलेज से बाहर लाया गया डिप्टी सीएम का शव, सुबह 11 बजे होगा अंतिम संस्कार
Ajit Pawar’s funeral (द भारत ख़बर), बारामती : महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे बारामती में किया जाएगा। डिप्टी सीएम के आस्मिक निधन पर महाराष्टÑ सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा कल ही कर दी थी। अजीत का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे बारामती में किया जाएगा। कुछ देर पहले ही उनकी अंतिम यात्रा के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पार्थिव शरीर को बारामती स्थित अहिल्यादेवी होलकर सरकारी मेडिकल कॉलेज से बाहर लाया जा चुका है। जानकारी के अनुसार उनके अंतिम संस्कार में पीएम, गृह मंत्री सहित अन्य कई केंद्रीय मंत्री पहुंचेंगे।
कल विमान हादसे में हुई थी मौत
अजित पवार का बुधवार को विमान हादसे में निधन हो गया था।डिप्टी सीएम अजित पवार चुनाव प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे। वे जिस विमान में सवार थे वह 16 साल पुराना लियरजेट 45 था, जिसका पंजीकरण वीटी-एसएसके था। इसे दिल्ली स्थित वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड संचालित कर रही थी। डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने घटना को लेकर बताया कि बारामती क्रैश लैंडिंग में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, 2 और लोगों (1 पीएसओ और 1 अटेंडेंट) और 2 क्रू सदस्यों के साथ विमान में सवार थे। विमान में सवार कोई भी व्यक्ति इस दुर्घटना में जीवित नहीं बचा था।
विमान हादसे के बाद उठे कई सवाल
अजित पवार के विमान हादसे ने एक बार फिर से कई सवालों को जन्म दे दिया है। ज्ञात रहे कि इस हादसे में डिप्टी सीएम सहित सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। हादसे की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बारामती हवाईअड्डा अनकंट्रोल्ड एयरफील्ड की श्रेणी में आता है। यहां कोई इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम मौजूद नहीं है, जो खराब मौसम या कम दृश्यता में पायलट को सटीक मार्गदर्शन देता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि रनवे पर आईएलएस जैसी सुविधा होती, तो यह हादसा टल सकता था।
एएबाईबी की जांच पर टिकी सबकी निगाहें
यह सवाल अब जांच का अहम हिस्सा बन गया है। अब सबकी नजर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की विस्तृत रिपोर्ट पर है। यह रिपोर्ट तय करेगी कि हादसा तकनीकी खामी, मानवीय चूक, बुनियादी ढांचे की कमी या इन सभी कारणों का नतीजा था। साथ ही यह भी तय होगा कि छोटे और अनियंत्रित हवाईअड्डों पर सुरक्षा मानकों को और सख्त करने की जरूरत है या नहीं।इससे पहले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की विशेष टीम बुधवार शाम दुर्घटनास्थल पर पहुंची और फॉरेंसिक जांच शुरू की। जांच के दायरे में शामिल लैंडिंग के समय तकनीकी स्थिति की जांच की गई। पायलट और एटीसी के बीच हुए संवाद को भी सुना गया।

