बुधवार को 15 प्रतिशत गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आए दाम
Crude Oil Price (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ जारी युद्ध के 33वें दिन अमेरिकी राष्टÑपति का बड़ा बयान सामने आया। ट्रंप ने कहा कि वह हर हाल में ईरान युद्ध दो से तीन सप्ताह में समाप्त कर देंगे। ट्रंप के इस बयान के बाद जहां दुनियाभर के प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी नजर आई वहीं क्रूड आॅयल की कीमतों में कमी दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड बुधवार को 15% से अधिक गिरकर 99.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जो एक सप्ताह का निचला स्तर है।
इससे पहले मंगलवार रात ब्रेंट क्रूड 118.35 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी का असर अब घरेलू बाजार पर भी साफ दिखने लगा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर कच्चे तेल के अप्रैल वायदा में मंगलवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। क्रूड आॅयल अप्रैल फ्यूचर्स 474 रुपये यानी 4.95% गिरकर 9,093 रुपये प्रति बैरल पर कारोबार करते दिखे। यह गिरावट इस बात का संकेत है कि घरेलू कीमतें फिलहाल पूरी तरह वैश्विक रुझानों का अनुसरण कर रही हैं।
ट्रंप के बयान ने रिस्क प्रीमियम को कम किया
कीमतों में यह अचानक गिरावट भू-राजनीतिक मोर्चे पर आए नए संकेतों के बाद देखने को मिली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अगले दो से तीन हफ्तों में कम हो सकता है। साथ ही, यह भी संकेत मिले कि ईरान कुछ शर्तों के तहत तनाव कम करने को तैयार हो सकता है।
इन संकेतों के बाद बाजार में बने रिस्क प्रीमियम में कमी आई। जिन निवेशकों ने कीमतों में तेजी पर दांव लगाया था, उन्होंने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। वहीं दूसरी तरफ विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में क्रूड के दाम में उतार-चढ़ाव दिखाई देना तय है। क्योंकि ट्रंप की घोषणा के बाद भी यह नहीं कहा जा सकता कि आखिर कब तक यह युद्ध समाप्त हो पाएगा।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने में 750 रुपए तेजी, चांदी में 1380 रुपए गिरावट

