- पिछली सरकार की उपेक्षा, राजनीतिक परिद्वंद्विता और लापरवाही के कारण जनकपुरी विधानसभा में विकास का कोई काम नहीं हो सका- शिक्षा मंत्री
- जनकपुरी के सी-1ए एवं सी-2 ब्लॉक में लगभग 1.60 करोड़ के विकास कार्यों का जनकपुरी के विधायक आशीष सूद ने किया शुभारंभ।
- सी-1ए और सी-2 ब्लाक के निवासियों की लंबे समय से की गई मांग आज पूरी की गई
Delhi News | द भारत ख़बर नेटवर्क । नई दिल्ली। दिल्ली के शिक्षा, उच्च शिक्षा, शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार अपनी विधानसभा जनकपुरी के सी-1ए ब्लॉक तथा सी-2 ब्लॉक में लगभग 1.60 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, स्थानीय निवासी और आरडब्ल्यू के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर सूद ने बताया कि इन दोनों ब्लॉक के लोगों की लंबे समय से मांग थी की उनके क्षेत्रों में सीवर, पानी की पाइप लाइनों के काम, डेन्स कारपेटिंग, सड़क निर्माण आदि के काम पिछली सरकार के समय से ही लंबित है । जिन पर ध्यान देना जरूरी है। विकास के काम न होने से स्थानीय निवासियों का जीना मुश्किल हो गया है।
सी-1ए ब्लॉक में 86.37 लाख से होंगें महत्वपूर्ण कार्य
उन्होंने यह भी कहा की आज जनकपुरी के सी-1ए ब्लॉक में लगभग 86.37 लाख की लागत से कई महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ किए गए, जिनमें सीवर लाइन बिछाने का कार्य, ड्रेन व सड़क का निर्माण तथा डेंस कारपेटिंग का कार्य शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा और स्थानीय निवासियों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।
इसके साथ ही सी-2 ब्लॉक, जनकपुरी में लगभग 73.91 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन कार्यों में सी2/116 से सी2/230 तक सीवर लाइन बिछाने का कार्य, गली का इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा निर्माण, बैक लेन का आरएमसी द्वारा निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
सरकार का लक्ष्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पूरी प्रतिबद्धता के साथ दिल्ली के सभी क्षेत्रों में तेज गति से विकास के सभी कार्य कर रही है।
दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराना है। जनकपुरी में शुरू किए गए ये विकास कार्य स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में विकास और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए सरकार दिल्ली के समग्र विकास के लिए कटिबद्ध है ताकि आने वाले समय में दिल्ली के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष में दिल्ली में विकास के नाम पर सिर्फ बड़े-बड़े विज्ञापन दिए गए, लोगों को गुमराह किया गया और सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया गया । जिस कारण दिल्ली विकास के मामले में कई वर्ष पीछे हो गई।
अब दिल्ली की सरकार ने दिल्ली को पुन: विकसित दिल्ली बनाने के लिए कमर कसी है। मंत्री महोदय ने इन दोनों ब्लाकों के निवासियों को आश्वासन दिया कि इन सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के निवासियों को शीघ्र ही इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

