
- युवक की हत्या पर मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर जताई संवेदना
- दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का दिया भरोसा
Delhi News | द भारत ख़बर नेटवर्क। नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति/ अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह शनिवार उत्तम नगर में होली के दौरान हुए एक मामूली विवाद में युवक तरुण की नृशंस हत्या की घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर उनके साथ उनके कैबिनेट सहयोगी एवं विकासपुरी से विधायक डॉ. पंकज कुमार सिंह तथा नजफगढ़ जिला अध्यक्ष राज शर्मा भी उपस्थित रहीं। मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है।
तरुण एक होनहार, समझदार और उज्ज्वल भविष्य वाला युवक था, जो अपने परिवार के सुनहरे भविष्य की आशा और आधार स्तंभ था। इस दुखद घटना ने परिवार की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि होली जैसे आपसी भाईचारे, प्रेम और उल्लास के पर्व को कुछ दोषियों ने अपनी हिंसक मानसिकता से कलंकित करने का दुस्साहस किया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि दोषियों को उनके अपराध की कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी और कानून पूरी मुस्तैदी के साथ अपना काम करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और इस मामले में हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का स्पष्ट संदेश है कि समाज में शांति और भाईचारे को बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Delhi News : पीएम मोदी व सीएम के नेतृत्व में दिल्ली तेज गति से हो रही विकसित : आशीष सूद
