
पुलिस-प्रदर्शनकारी भिड़े, सीकर में हर्ष पर्वत पर चढ़े लोग
Aravalli Hills Protest, (द भारत ख़बर), जोधपुर: राजस्थान के कई शहरों में अरावली पर्वत श्रंखला में खनन को मंजूरी मिलने से नाराज लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश के कई शहरों में प्रदर्शन शुरू हो गए है। कांग्रेस और सामाजिक संगठनों के लोग सड़कों पर उतर आए है। उदयपुर कलेक्ट्रेट में पुलिस से धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। यहां पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को अरेस्ट भी कर लिया। सीकर में 945 मीटर ऊंचाई पर स्थित हर्ष पर्वत पर प्रदर्शन किया गया।
अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि राजस्थान के लिए अरावली फेफड़े के समान है। इस फैसले को वापस लेना होगा, नहीं तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। जोधपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान बेरिकेड्स पर चढ़ गए। पुलिस ने लाठी चलाकर भीड़ को खदेड़ा। वहीं सीकर में पर्यावरण प्रेमी पवन ढाका ने कहा कि इंसान को निकालकर उसके घर को तोड़ दिया जाए, तो वह कहां पर जाएगा। इंसान तो फिर भी कोई झोपड़ी बना लेगा, लेकिन यह जीव-जंतु क्या करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में क्या कहा
20 नवंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार जमीन से 100 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली भू-आकृति को ही अरावली पहाड़ी माना जाएगा। इस मानक से अरावली की 90% से ज्यादा पहाड़ियां संरक्षण के दायरे से बाहर हो जाएगी। इस फैसले के बाद अरावली को बचाने की आवाजें तेज हो गई।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश को वापस लेने की मांग
उदयपुर में कई संगठन कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर अरावली बचाने के लिए एकजुट हुए। कांग्रेस कार्यकर्ता, करणी सेना, फाइनेंस ग्रुप और कई समाजों के लोगों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को वापस लिया जाए, नहीं तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस बीच कलेक्ट्रेट पर कांग्रेसी कार्यकतार्ओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई।
भ्रम फैलाना बंद करें : भूपेंद्र यादव
अरावली के मुद्दे को लेकर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भ्रम फैलाना बंद करें! अरावली के कुल 1.44 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में मात्र 0.19% हिस्से में ही खनन की पात्रता हो सकती है। बाकी पूरी अरावली संरक्षित और सुरक्षित है।
अरावली के साथ छेड़छाड़ नहीं होने देंगे
वहीं सीएम भजनलाल ने कहा कि आज लोग सेव अरावली की डीपी लगा रहे हैं। सिर्फ बदलने से काम नहीं चलता है। काम चलता है दृढ़ इच्छा शक्ति से। काम चलता है काम करने से। हमारे राजस्थान के भाई-बहनों को इस तरह मत बरगलाइए। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि, हम किसी भी तरह से अरावली के साथ छेड़छाड़ नहीं होने देंगे।
ये भी पढ़ें: यूपी के सीएम योगी बोले- देश में दो नमूने, एक दिल्ली, दूसरा लखनऊ में
