सेंसेक्स 1048 तो निफ्टी 336 अंक लुढ़का, ज्यादात्तर शेयर लाल निशान पर बंद
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : शेयर बाजार ने इस सप्ताह जहां तेजी से शुरुआत की वहीं सप्ताह का अंत बहुत बड़ी गिरावट के साथ हुआ। इस पूरे सप्ताह शेयर बाजार की कहानी भी पूरी तरह से फिल्मी रही। सोमवार और मंगलवार को जहां शेयर बाजार में तेजी का दौर रहा तो वहीं बुधवार को यह लगभग स्पाट बंद हुआ इसके बाद गुरुवार और शुक्रवार को इसमें बड़ी गिरावट देखने को मिली। कुल मिलाकर यह सप्ताह भी शेयर बाजार के निवेशकों के लिए निराशाजनक रहा।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,048.16 अंक या 1.25 प्रतिशत गिरकर 82,626.76 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, बेंचमार्क 1,140.37 अंक या 1.36 प्रतिशत गिरकर 82,534.55 के अंतरादिवसीय निचले स्तर पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 336.10 अंक या 1.30 प्रतिशत गिरकर 25,471.10 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 362.9 अंक या 1.4 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 25,444.30 के निचले स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, इटरनल, टाइटन, टाटा स्टील, अदानी पोर्ट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और एचसीएल टेक्नोलॉजीज प्रमुख रूप से पिछड़ गईं। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस और स्टेट बैंक आॅफ इंडिया ही लाभ कमाने वाली कंपनियां रहीं।
सोने और चांदी में बड़ी गिरावट
पिछले कई दिन से कीमती धातुओं के दाम में चल रही अस्थिरता शुक्रवार को भी कायम रही। दिनभर दोनों के दाम खूब ऊपर और नीचे की तरफ गए। लेकिन बाजार बंद होने के समय ये दोनों ही अपने पिछले स्तर से काफी ज्यादा नीचे बंद हुई। शुक्रवार का दिन दिल्ली सर्राफा बाजार में सुस्त मांग और वैश्विक संकेतों के बीच चांदी की कीमत 5% से अधिक टूटकर 2.55 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। वहीं दूसरी तरफ सोने की कीमतों में भी भारी नरमी देखी गई, इससे निवेशकों और ज्वैलर्स ने सतर्कता बरती।
आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को बाजार में व्यापक बिकवाली का दबाव रहा। चांदी की कीमत में 13,500 की भारी गिरावट दर्ज की गई। यह 5.03% टूटकर 2,55,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुई। गुरुवार को यह 2,68,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर थी। वहीं दूसरी तरफ सोना 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 2,400 रुपए की गिरावट आई। यह 1.5% टूटकर 1,58,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 1,60,900 प्रति 10 ग्राम पर था।
ये भी पढ़ें : Foreign Exchange Reserves : रिकॉर्ड स्तर पर जाकर गिरा विदेशी मुद्रा भंडार

