हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रोहतक एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने जमीन से जुड़े एक मामले में महिला पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान सुदेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में खरखौदा इलाके में तैनात थी। बताया जा रहा है कि वह जमीन के मालिकाना हक से संबंधित कार्य के बदले लगातार रिश्वत की मांग कर रही थी।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता को साफ शब्दों में यह कह दिया गया था कि बिना रिश्वत के उसका काम नहीं किया जाएगा। इससे परेशान होकर पीड़ित ने रोहतक एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के साथ रिश्वत मांगने से जुड़े अहम सबूत भी ACB को सौंपे गए, जिसके बाद टीम ने प्राथमिक जांच कर आरोपों को सही पाया और जाल बिछाने का फैसला लिया।
एसीबी ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। तय रणनीति के अनुसार रिश्वत की रकम सीधे पटवारी को न देकर एक चाय विक्रेता को माध्यम बनाया गया। जैसे ही तय योजना के मुताबिक महिला पटवारी सुदेश ने 20 हजार रुपये की नकद राशि अपने हाथ में ली, पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई इतनी सटीक थी कि आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस मामले में सिसाना गांव निवासी अनिल ने शिकायतकर्ता की भूमिका निभाई। अनिल का आरोप था कि उसकी जमीन से जुड़े दस्तावेजों में काम कराने के बदले महिला पटवारी लगातार रिश्वत की मांग कर रही थी। शिकायत और उपलब्ध कराए गए सबूतों की गहन जांच के बाद ही एसीबी ने ट्रैप लगाने का निर्णय लिया था।
फिलहाल एसीबी की टीम मौके पर मौजूद है और आरोपी महिला पटवारी से पूछताछ की जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और सबूतों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसीबी ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर कोई ढील नहीं दी जाएगी, चाहे आरोपी कोई भी हो।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र के लोगों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज है। एसीबी की इस कार्रवाई को सरकारी महकमों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

