
रेल-मेट्रो और एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स के लिए 12,236 करोड़ रुपए मंजूर
PM Narendra Modi Cabinet Meeting, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को नए आॅफिस सेवा तीर्थ में कैबिनेट की पहली बैठक हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। केंद्र ने केरल सरकार के राज्य का नाम बदलकर केरलम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा कैबिनेट ने मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में तीन रेल प्रोजेक्ट समेत कुल 8 फैसले लिए हैं।
कुल 12,236 करोड़ के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। बैठक में पावर सेक्टर में सुधारों पर पॉलिसी से जुड़े फैसले भी लिए गए। कैबिनेट ने तीन नए रेल प्रोजेक्ट के तहत गोंदिया-जबलपुर रेल लाइन के डबलिंग, गम्हरिया-चांडिल और पुनारख-किऊल के बीच तीसरी-चौथी रेल लाइन को मंजूरी दी है। साथ ही श्रीनगर में एक नया एयरपोर्ट टर्मिनल बनेगा और अहमदाबाद मेट्रो के फेज 2बी का एक्सटेंशन होगा।
केरल विधानसभा की राय मिलने के बाद संसद में पेश किया जाएगा प्रस्ताव
कैबिनेट से मंजूरी के बाद अब राष्ट्रपति केरल (नाम में बदलाव) बिल, 2026 को संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत केरल विधानसभा की राय के लिए भेजेंगे। विधानसभा की राय मिलने के बाद, सरकार संसद में बिल पेश करेगी। संसद से पास होने पर राज्य का नाम आधिकारिक रूप से केरलम हो जाएगा।
नाम बदलने का उद्देश्य
केरल विधानसभा से 24 जून 2024 को प्रस्ताव पास हुआ था। इस प्रस्ताव के मुताबिक केरल का असल में मलयाली भाषा में नाम केरलम है। हिंदी और दूसरी भाषाओं में इसे केरल कहा जाता है। नाम बदलने का उद्देश्य केरल राज्य की पहचान, भाषा, संस्कृति और विकास को बढ़ावा देना है।
ये भी पढ़ें : Himachal News: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में की शिरकत
