Noida Airport, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का शुभारंभ कर दिया और यह हवाई अड्डा कई मायनों में खास है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया। वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक व योगी सरकार के अन्य मंत्रियों और नेताओं ने भी इसके लिए पीएम का आभार जताया। फिल्म निर्माता बोनी कपूर उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे।
हवाई अड्डे की सबसे बड़ी खासियत
नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां घने कोहरे, बहुत कम विजिबिलिटी व बारिश में भी विमान उड़ सकेंगे और लैंड भी हो सकेंगे, क्योंकि एयरपोर्ट में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) के सबसे हाई लेवल तकनीकी सिस्टम कैट थ्री का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए कम विजिबिलिटी में भी सेफ लैंडिंग कराई जाती है। आमतौर पर पायलट इस तकनीक का यूज तब करते हैं, जब उन्हें बाहर कुछ दिखाई न दे रहा हो और लैंडिंग के लिए तकनीक पर निर्भर हों।
फिलहाल एयरपोर्ट के फेज-1 का शुभारंभ
बता दें कि फिलहाल नोएडा एयरपोर्ट के फेज-1 का शुभारंभ हुआ है और हवाई अड्डे के पूरी तरह बनने के बाद यह देश का सबसे बड़ा और दिल्ली-एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। इसके संचालन से दिल्ली व हिंडन एयरपोर्ट का दबाव भी कम होगा। कार्गो हब से नोएडा, बुलंदशहर, आगरा, ग्रेनो, दिल्ली व अन्य शहरों और जिलों के उद्यमी दूसरे देशों में सामान निर्यात कर सकेंगे। एयरपोर्ट पर घरेलू फ्लाइट शुरू होने के साथ कैब व बसों की सुविधा भी दी जाएगी।
एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे : सीएम योगी
सीएम योगी ने ‘एक्स’ पर लिखा, जेवर का यह एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है। यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा। इस युगांतरकारी परियोजना को धरातल प्रदान करने वाले हमारे किसान भाइयों को विशेष बधाई, आपके समर्पण से ही यह विकास संभव हुआ है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।
विकसित भारत के सपने को साकार करेगा अड्डा : ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत ही नहीं बल्कि एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है और इसके पहले फेज के शुरू होने पर मैं प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं। यह हवाई अड्डा पूरी तरह बनने से यात्रियों को तो सुविधा मिलेगी ही साथ ही प्रदेश और देश के आर्थिक विकास को भी सहयोग मिलेगा। यहां बड़ी संख्या में रोजगार सृजन भी होगा। यह विकसित भारत के सपने को साकार करेगा। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, चुनाव तो 2027 में भाजपा तीसरी बार जीतने जा रही है लेकिन विकास हमारा मुख्य लक्ष्य रहता है। उन्होंने कहा, हवाई जहाज पर हवाई चप्पल पहनने वाला भी बैठ सके, ऐसा देश हमें बनाना है और जेवर इसी कड़ी में एक सौगात है।
एयरपोर्ट प्रधानमंत्री का विजन, सीएम योगी का सपना : बोनी कपूर
फिल्म निर्माता बोनी कपूर उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। उन्होंने कहा, नोएडा एयरपोर्ट प्रधानमंत्री मोदी का विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है, जिसे साकार करने के लिए हम सभी मिलकर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं जेवर में एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी विकसित कर रहा हूं। गौतम बुद्ध नगर भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा कि शनिवार को जेवर वासी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बेहद उत्सुक दिखे जिसके लिए मैं स्थानीय लोगों के साथ यहां के किसानों को भी धन्यवाद और बधाई देता हूं।
ये भी पढ़ें : PM Modi In Noida: प्रधानमंत्री ने किया नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन

