कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर से हुआ हादसा
UP Road Accident (द भारत ख़बर), मुरादाबाद : उत्तराखंड के नैनीताल जिला के रहने वाले चार लोग आज सुबह उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना खतरनाक था कि सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि हादसे में घायल एक युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल दाखिल कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा आज सुबह लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर उस समय हुआ जब रामपुर की तरफ से आ रही कार सामने जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई।
हादसा इतना भयानक था कि कार सवार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई कार में फंस गए। जिसे बाद में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बाहर निकाला। इसके बाद मूंढापांडे सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने कार सवार पांच लोगों में से चार को मृत घोषित कर दिया। उनकी पहचान नैनीताल जिले के निवासी के तौर पर हुई है।
हादसे में इनकी गई जान
सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि हादसे मे दयाल रावत निवासी वीमिला कंपाउंड पालीवाल नैनीताल, अनिल नेगी (38), सुंदर सैनी (42), भुवन भंडारी( 37) हल्द्वानी की जान चली गई। जबकि चालक यशदीप पांडे निवासी हल्द्वानी गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाया और यातायात सुचारू किया।
कटक अस्पताल में आग, 10 की मौत 11 गंभीर
वहीं सोमवार सुबह हुए एक अन्य हादसे में ओडिशा के कटक में स्थित सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से 10 मरीजों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में अस्पताल के 11 कर्मचारी भी झुलस गए। अलसुबह हुई इस दर्दनाक घटना से जहां अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई वहीं मरीजों के परिवारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां के हालात का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट-सर्किट हो सकती है। आग ने ट्रॉमा केयर आईसीयू के साथ-साथ पास के कुछ और वार्डों को भी अपनी चपेट में ले लिया था।

