पिछले दो कारोबारी सत्र के दौरान आई बड़ी गिरावट, आने वाले दिनों में रहेगी क्या स्थिति
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में साल 2026 शुरू होते ही सोने और चांदी की कीमतों में तेज वृद्धि दर्ज की जाने लगी। करीब 28 दिन में ही चांदी पौने दो लाख रुपए से चार लाख के पार पहुंच गई जबकि सोना भी करीब 50 हजार प्रति 10 ग्राम की तेजी हासिल कर गया। इस तेजी के पीछे सर्राफा बाजार के विशेषज्ञों ने वैश्विक कारण और भारतीय बाजार में मजबूत मांग बताया था। लेकिन पिछले सप्ताह के अंतिम दिनों में दोनों के मुल्य में अचानक गिरावट आई। यह गिरावट इतनी भारी साबित हुई तीन दिन में ही दोनों की कीमतें औंधे मुंह गिरी।
इस तरह रहा सर्राफा बाजार का हाल
शुक्रवार, शनिवार के बाद केंद्रीय बजट के दिन सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। सोना 7,600 रुपये तक सस्ता हो गया। वहीं चांदी में 26,000 रुपये तक की गिरावट आई। एमसीएक्स पर सोना 8,097 रुपये या 5 प्रतिशत गिरकर 1,41,556 पर आ गया। वहीं चांदी 26,273 रुपये सस्ती होकर 2,65,652 पर आ गई। इसमें 9 प्रतिशत गिरावट आई। केंद्रीय बजट 2026-27 से पहले रविवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में 9 प्रतिशत तक की गिरावट आई। इससे पहले बीते सप्ताह भी सोना-चांदी की कीमतों में भारी टूट देखने को मिली थी। एक ही दिन में चांदी करीब 30 फीसदी तक सस्ती हो गई थी, जबकि सोना लगभग 17 फीसदी फिसल गया था। जानकारों के मुताबिक, बजट से जुड़ी अनिश्चितता, वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली के दबाव के चलते कीमती धातुओं पर लगातार दबाव बना हुआ है।
चांदी ने छूआ चार लाख प्लस का आंकड़ा
पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोना-चांदी बुरी तरह टूटे थे। खास बात यह रही कि गिरावट से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी 4,20,048 रुपए के लाइफटाइम हाई पर पहुंची थी, लेकिन अगले ही दिन इसमें जोरदार गिरावट आई और भाव 1.28 लाख रुपए टूटकर 2,91,922 रुपए प्रति किलो पर आ गया। बजट पेश होने से पहले रविवार को गिरावट और गहरी हो गई। चांदी करीब 9 फीसदी या 26,273 रुपए से ज्यादा सस्ती होकर 2,65,652 रुपये प्रति किलो पर आ गई।
एक लाख 93 हजार पर पहुंचकर टूटा सोना
सोने का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। एमसीएक्स पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना गुरुवार को 1,93,096 रुपए के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचने के बाद भरभराकर टूटा था और 42,247 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट के साथ 1,50,849 रुपये पर आ गया था। रविवार को कारोबार शुरू होते ही इसमें फिर तेज बिकवाली दिखी और सोना 8.80 फीसदी से ज्यादा फिसल गया। 10 ग्राम सोने का भाव करीब 13,711 रुपये गिरकर 1,38,634 रुपये पर आ गया।
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : वैश्विक आर्थिक वृद्धि का केंद्र बदल रहा : आईएमएफ

