500 रुपए प्रति 10 ग्राम गिरावट के बाद 1.61 लाख प्रति 10 ग्राम पहुंचा सोना
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। पिछले कई सत्र के मुकाबले मंगलवार को इन दोनों धातुओं के दाम में विपरीत दिशा दिखाई दी। एक तरफ जहां सोने की कीमत कम हुई तो वहीं चांदी ने अपनी चमक बरकरार रखते हुए मंगलवार को भी बढ़त हासिल की। राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को एक तरफ जहां चांदी 1140 रुपये की बढ़त के साथ 2.67 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई।
वहीं सोने का भाव 500 रुपये गिरकर 1.61 लाख प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अप्रैल डिलीवरी के लिए पीले धातु (सोने) की कीमत में 496 रुपए या 0.31 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 7,587 लॉट के कारोबार में 1,61,102 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी करीब 2,65,350 प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट दर्ज की गई
हालांकि वैश्विक बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मजबूत अमेरिकी डॉलर, टैरिफ को लेकर अनिश्चितता और अमेरिका-ईरान तनाव के दबाव में कॉमेक्स गोल्ड अपने तीन सप्ताह के उच्च स्तर से नीचे फिसल गया। स्पॉट गोल्ड करीब 1.5% गिरकर 5,150.38 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि अप्रैल डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 1.1% गिरकर 5,170.70 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
शेयर बाजार ने फिर लगाया गोता
मंगलवार को बिकवाली के भारी दबाव के बीच 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,068.74 अंक या 1.28 प्रतिशत लुढ़ककर 82,225.92 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1,359.93 अंकों तक की बड़ी गिरावट देखी गई थी। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 288.35 अंक या 1.12 प्रतिशत का गोता लगाकर 25,424.65 पर आ गया।
बाजार में चौतरफा बिकवाली का आलम यह था कि बीएसई पर 2,802 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि केवल 1,422 शेयर बढ़त दिखाई दी। जानकारों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, दूतावास के कर्मचारियों की निकासी और क्षेत्रीय युद्ध की चेतावनियों ने निवेशकों में ‘रिस्क’ (जोखिम) लेने की क्षमता को कम कर दिया है। इसी अनिश्चितता के बीच वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.22 प्रतिशत बढ़कर 71.66 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
ये भी पढ़ें : India and Israel Trade Deal : भारत और इजरायल में एफटीए पर वार्ता शुरू

