कहा, दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद और लाभदायक होगा एफटीए
India-EU FTA (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक बार फिर यह कहा है कि भारत और ईयू के बीच बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौता न केवल ऐतिहासिक होगा बल्कि यह दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद और लाभकारी भी साबित होगा। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष इस समझौते के माध्यम से विश्व व्यापार को एक नई राह दिखाएंगे। ज्ञात रहे कि ईयू में यूरोप के कुल 27 देश शामिल हैं। यदि दोनों पक्षों में यह एफटीए जल्द हो जाता है तो भारतीय व्यापार की दृष्टि से यह बहुत ही बड़ी उपलब्धि के सामान होगा।
मदर ऑफ ऑल डील्स होगा समझौता
गोयल ने इस प्रस्तावित समझौते को ऐतिहासिक (मदर ऑफ ऑल डील्स) करार देते हुए इसका वैश्विक और घरेलू महत्व बताया। गोयल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत अपनी निर्यात क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने के लिए बड़े आर्थिक क्षेत्रों के साथ रणनीतिक साझेदारी कर रहा है। केंद्रीय मंत्री गोयल ने भरोसा जताया कि यह समझौता न केवल ऐतिहासिक होगा, बल्कि दोनों पक्षों को एक जैसे फायदा देने वाला होगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच वर्तमान द्विपक्षीय व्यापार वस्तु और सेवा दोनों क्षेत्रों में उचित रूप से संतुलित है।
दोनों पक्षों के बीच यह सुपर डील होगी
वाणिज्य मंत्री ने इस आगामी समझौते को भारतीय निर्यात क्षेत्रों के लिए एक ‘सुपर डील’ बताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस समझौते से कपड़ा, चमड़ा, रत्न व आभूषण और इंजीनियरिंग जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों को यूरोपीय बाजारों में अधिक पहुंच मिलेगी। भारत और यूरोपीय संघ के बीच वार्ता की प्रगति पर आधिकारिक पुष्टि करते हुए वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि दोनों पक्ष प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत पूरी करने के बेहद करीब हैं। उन्होंने संकेत दिया कि शेष बचे हुए मुद्दों को सुलझाने के लिए गहन चर्चा जारी है। इस महीने के अंत में यूरोपीय संघ के शीर्ष नेतृत्व की भारत यात्रा के दौरान इस सौदे की औपचारिक घोषणा हो सकती है।
ये भी पढ़ें : Business News : भारत के नेट एफडीआई में रिकॉर्ड गिरावट

