अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता ने दी धमकी
Iran’s threat to America (द भारत ख़बर), तेहरान : अमेरिका और ईरान में तनाव चरम पर पहुंच चुका है। किसी भी समय दोनों में घातक युद्ध आरंभ हो सकता है। जिनेवा वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अमेरिका ने बिना कोई समय गवाए बड़ी संख्या में अपने लड़ाकू विमान पश्चिम एशिया की तरफ भेज दिए। वहीं ईरान ने भी किसी दबाव के सामने झुकने से इंकार कर दिया है।
अमेरिका द्वारा 24 घंटे में 50 से ज्यादा लड़ाकू विमान पश्चिम एशिया भेजे जाने की सूचना मिलने के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने सोशल मीडिया पोस्ट में अमेरिकी सेना को धमकी दी है कि दुनिया की सबसे ताकतवर सेना पर भी ऐसा हमला होगा कि वे दोबारा उठ नहीं पाएंगे।
ईरान नहीं मान रहा अमेरिका की शर्तें : वेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि ईरान अभी तक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से तय की गई मुख्य शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बताया कि जिनेवा में हुई बातचीत ‘कुछ मायनों में ठीक रही’, क्योंकि दोनों देशों ने आगे भी बैठक जारी रखने पर सहमति जताई है। लेकिन उन्होंने साफ कहा कि ईरान ने अब तक ट्रंप की प्रमुख शर्तों को स्वीकार नहीं किया है। उनके मुताबिक- राष्ट्रपति ट्रंप ने कूटनीतिक समाधान के लिए कुछ स्पष्ट शर्तें रखी हैं। इन शर्तों में सबसे बड़ा मुद्दा ईरान का परमाणु कार्यक्रम है। ईरान अभी इन शर्तों पर खुलकर सहमति देने को तैयार नहीं दिख रहा।
जिनेवा वार्ता का नहीं निकला कोई नतीजा
ईरान और अमेरिका के बीच पहले ओमान में वार्ता बेनतीजा रही इसके बाद अब जिनेवा में भी दोनों पक्षों के बीच परमाणु कार्यक्रम पर हुई वार्ता मात्र तीन घंटे में ही खत्म हो गई। इस दौरान दोनों देश अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े रहे। जिनेवा में वार्ता व अभ्यास ऐसे समय हुए जब अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है। जिनेवा में ईरान-अमेरिका की परोक्ष वार्ता 3 घंटे चली, जिसमें कोई नतीजा नहीं निकला।
ये भी पढ़ें : S. Jaishankar : दुनिया एक अस्थिर दौर में प्रवेश कर चुकी : एस. जयशंकर

