दोनों देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक में बनी सहमति
Business News (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत और नॉर्वे ने व्यापार के क्षेत्र में अपनी साझेदारी मजबूत करने के लिए ट्रेड एंड इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (टीईपीए) के प्रभावी उपयोग और इसका लाभ उठाने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने आपसी व्यापार मजबूत करने खासकर ब्ल्यू इकॉनमी, ग्रीन इकॉनमी और संप्रभु संपत्ति एवं पेंशन फंड के जरिए निवेश बढ़ाने के क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर सहमति जताई है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ओस्लो में नॉर्वे के वित्त मंत्री जेंस स्टोल्टेनबर्ग के साथ बैठक कर द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान नॉर्वे के वित्त मंत्री ने भारत की तेज आर्थिक वृद्धि को निवेश और विकास के लिए बड़े अवसरों वाला बताया।
इन क्षेत्रों में भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे
बैठक में अक्षय ऊर्जा, विशेष रूप से सौर ऊर्जा, रेयर अर्थ प्रोसेसिंग, और कार्बन कैप्चर एवं स्टोरेज जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों देशों ने उभरते और सतत क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने के लिए टीईपीए का लाभ उठाने पर सहमति व्यक्त की। ब्ल्यूू इकॉनमी (समुद्र आधारित उद्योग) और पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने वाली ग्रीन इकॉनमी को सहयोग के प्रमुख फोकस क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया।
अमेरिकी टैरिफ से निर्यात में गिरावट
जनवरी 2026 में भारत के टेक्सटाइल और अपैरल (वस्त्र) निर्यात में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट की प्रमुख वजह अमेरिका द्वारा लगाए गए उच्च टैरिफ रहे, जो 7 फरवरी तक प्रभाव में रहे। इससे भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित हुई। कन्फेडरेशन आॅफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 में टेक्सटाइल निर्यात में 3.68 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि अपैरल निर्यात 3.84 प्रतिशत घटा। कुल मिलाकर, टेक्सटाइल और अपैरल का संयुक्त निर्यात जनवरी 2026 में 3,275.44 मिलियन डॉलर रहा, जो जनवरी 2025 के 3,403.19 मिलियन डॉलर से कम है। इस तरह कुल निर्यात में 3.75 प्रतिशत की नकारात्मक वृद्धि (डिग्रोथ) दर्ज की गई। गिरावट का असर खासतौर पर प्रमुख टेक्सटाइल सेगमेंट्स में देखने को मिला।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने और चांदी की चमक हुई कम

