- 23 फरवरी को हादसे में मारे गए थे 19 लोग
Nepal Accident, (द भारत ख़बर), काठमांडू: नेपाल में भारतीय तीर्थयात्रियों से भरी एक बस के खाई में गिरने से उसमें सवार 7 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हो गए। गंडकी प्रांत के गोरखा जिले में शनिवार रात को यह दुर्घटना हुई। स्थानीय पुलिस ने बताया कि यात्री मनाकामना मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बस का चालक सुरक्षित बच गया, वहीं सहायक घायल हुआ है।
200 फीट गहरी खाई में गिरी बस
अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस सड़क से फिसलकर 200 फीट गहरी खाई में गिरी। बस मनकामना मंदिर से लौट रही थी। हादसे के बाद घायल सात लोगों को भरतपुर स्थित चितवन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया।
एक दर्जन से ज्यादा लोग थे सवार
पुलिस ने बताया कि बस में एक दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि बस मनाकामना मंदिर से तनहुन जिले के अंबुखैरेनी की तरफ जा रही थी। दुर्घटना के बाद बीती देर रात तक बचाव अभियान जारी रहा। हादसे की अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।
मृतकों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं
गोरखा जिला ट्रैफिक पुलिस प्रमुख सूरज अर्याल के मुताबिक मृतकों में सभी भारतीय हैं। इनमें 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। उनकी पहचान अनामालिक (58), मुथु कुमार (58), तमिलरसी (60) मीनाक्षी (59) विजयल (57), मीना (58) और शिवगामी (53) के रूप में हुई है। इससे पहले 23 फरवरी को नेपाल के धादिंग जिले में एक पर्यटक बस के 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से 19 लोगों की मौत हो गई थी और 25 लोग घायल हो गए थे। पोखरा से काठमांडू जा रही इस बस में 44 लोग सवार थे।
रोड एक्सीडेंट से देश में बढ़ा तीन गुना नुकसान : वर्ल्ड बैंक
वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार 2007 के बाद नेपाल में सड़क हादसों से होने वाले आर्थिक नुकसान में 3 गुना वृद्धि हुई है और अब यह देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (जीएनपी) का करीब 1.5 प्रतिशत है। देश में रोड एक्सीडेंट में मरने वाले लोगों में 70 फीसदी से अधिक पैदल यात्री, साइकिल सवार व मोटरसाइकिल चालक होते हैं।
ये भी पढ़ें : Nepal Accident : नेपाल में नदी में गिरी बस, 18 की मौत, कई लापता

