सेंसेक्स 1,068.74 व निफ्टी 288.35 अंक की गिरावट के साथ हुआ बंद
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, दूतावास के कर्मचारियों की निकासी और क्षेत्रीय युद्ध की चेतावनियों ने निवेशकों में ‘रिस्क’ (जोखिम) लेने की क्षमता को कम कर दिया है। इसका असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर स्पष्ट दिखाई दिया। शेयर बाजार एक बार फिर से गोता लगा गया और भारी गिरावट दर्ज की गई। पिछले दो कारोबारी सत्रों से चली आ रही तेजी पर अचानक ब्रेक लग गया। वैश्विक स्तर पर व्यापारिक अनिश्चितताओं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते असर ने निवेशकों के सेंटिमेंट को बुरी तरह प्रभावित किया।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
बिकवाली के भारी दबाव के बीच 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,068.74 अंक या 1.28 प्रतिशत लुढ़ककर 82,225.92 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1,359.93 अंकों तक की बड़ी गिरावट देखी गई थी। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 288.35 अंक या 1.12 प्रतिशत का गोता लगाकर 25,424.65 पर आ गया। बाजार में चौतरफा बिकवाली का आलम यह था कि बीएसई पर 2,802 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि केवल 1,422 शेयर बढ़त दिखाई दी।
सोने के दाम गिरे, चांदी की चमक बरकरार
भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। पिछले कई सत्र के मुकाबले मंगलवार को इन दोनों धातुओं के दाम में विपरीत दिशा दिखाई दी। एक तरफ जहां सोने की कीमत कम हुई तो वहीं चांदी ने अपनी चमक बरकरार रखते हुए मंगलवार को भी बढ़त हासिल की। राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को एक तरफ जहां चांदी 1140 रुपये की बढ़त के साथ 2.67 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई।
वहीं सोने का भाव 500 रुपये गिरकर 1.61 लाख प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अप्रैल डिलीवरी के लिए पीले धातु (सोने) की कीमत में 496 रुपए या 0.31 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 7,587 लॉट के कारोबार में 1,61,102 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी करीब 2,65,350 प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है।
ये भी पढ़ें : India and Israel Trade Deal : भारत और इजरायल में एफटीए पर वार्ता शुरू

