कहा, यदि क्रूड की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रही तो आरबीआई बढ़ाएगा ब्याज दर
India Inflation Rate (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर पिछले 35 दिन से हमले जारी हैं। आज यह युद्ध 36वें दिन में प्रवेश कर गया है। इस युद्ध के चलते पश्चिम एशिया में लगातार तनाव बना हुआ है और खाड़ी देशों से कच्चे तेल का उत्पादन व सप्लाई दोनों ही प्रभावित हो रहीं हैं। इसी के चलते वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रहीं हैं। इन्हीं बढ़ती कीमतों के चलते क्रूड फिलहाल 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है। क्रूड की इन उच्च कीमतों की वजह से भारत में भी आने वाले समय में महंगाई बढ़ सकती है।
एक तरफ तो भारतीय तेल कंपनियों पर लगातार दबाव बन रहा है क्योंकि उन्हें पेट्रोल और डीजल पर लगातार घाटा वहन करना पड़ रहा है। वहीं हाल में विदेशी ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी के अर्थशास्त्रियों की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, यदि कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रहती हैं, तो भारत में खुदरा महंगाई दर छह प्रतिशत के पार जा सकती है। यह स्तर भारतीय रिजर्व बैंक के सहनशीलता बैंड (2 से 6 प्रतिशत) की ऊपरी सीमा से अधिक है, और इसके पार जाने पर आरबीआई को ब्याज दरों में बढ़ोतरी के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
आने वाले बुधवार को आरबीआई करेगा घोषणा
मार्च महीने में ब्रेंट क्रूड का औसत भाव 100 डॉलर प्रति बैरल रहने के कारण अर्थशास्त्रियों का मानना है कि हम वर्तमान में एक बड़े “चौराहे” पर खड़े हैं। अगले बुधवार को आरबीआई की मौद्रिक नीति की घोषणा होने वाली है और बाजार में इस बात को लेकर अटकलें तेज हैं कि क्या आरबीआई रुपये को बचाने के लिए ब्याज दरों का इस्तेमाल करेगा। हालांकि, एचएसबीसी की रिपोर्ट ने इस तरह के कदम के जोखिमों के प्रति आगाह किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, रुपये के बचाव के लिए ब्याज दरों का उपयोग करना बहुत ‘महंगा’ साबित हो सकता है, क्योंकि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के साथ विकास में आने वाली गिरावट काफी तेजी से बढ़ सकती है।
आरबीआई को अपनाना चाहिए तटस्थ रुख
एचएसबीसी के अर्थशास्त्रियों ने राजकोषीय और मौद्रिक, दोनों मोर्चों पर फिलहाल तटस्थ रुख अपनाने की सिफारिश की है। इसके पीछे तर्क दिया गया है कि अभी आपूर्ति संबंधी बाधाएं दूर नहीं हुई हैं और ऐसे में मांग को प्रोत्साहित करने से महंगाई और भड़क सकती है।
ये भी पढ़ें : LPG Crisis in India : एलपीजी के आपूर्ति सामान्य और पर्याप्त : इंडियन ऑयल

