Iran War, (द भारत ख़बर), तेहरान: ईरान की सेना ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध जीतने और जंग के खत्म होने के दावे को गलत ठहराया है। ईरानी सैन्य अधिकारियों ने कहा कि युद्ध तब तक जारी रहेगा जब तक अमेरिका को ‘स्थायी अपमान’ का सामना नहीं करना पड़ता।
ईरानी सेना ने दी चेतावनी
ट्रंप ने गुरुवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में युद्ध पर कई टिप्पणियां की जिसका ईरान ने कड़ा जवाब दिया। ‘खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर’ के प्रवक्ता द्वारा जारी बयान के अनुसार, ईरानी सेना ने चेतावनी दी कि यह जारी संघर्ष तब तक चलता रहेगा, जब तक वाशिंगटन को वह स्थिति न झेलनी पड़े, जिसे सेना ने स्थायी अपमान, पछतावा और आत्मसमर्पण बताया है।
नुकसान पहुंचाने के अमेरिकी दावों को खारिज किया
बयान में ईरान ने अपने सैन्य बुनियादी ढांचे और क्षमताओं को नुकसान पहुंचाने के अमेरिकी दावों को खारिज करते हुए जोर देकर कहा कि उसकी सैन्य ताकत के बारे में अमेरिकी खुफिया जानकारी अधूरी है। प्रवक्ता ने संघर्ष के दौरान तेहरान की मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करने की क्षमता को काफी हद तक कम करने के ट्रंप के दावों को भी सिरे से खारिज कर दिया।
रणनीतिक स्थानों तक आप कभी पहुंच भी नहीं पाएंगे : ईरान
प्रवक्ता ने कहा, यह न मान लें कि आपने हमारे रणनीतिक मिसाइल उत्पादन स्थलों, लंबी दूरी के हमलावर और सटीक ड्रोन, आधुनिक वायु-रक्षा प्रणालियों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमताओं या विशेष उपकरणों को नष्ट कर दिया है। ऐसी धारणाएं केवल उस दलदल को और गहरा करेंगी, जिसमें आप फंस चुके हैं। जिन स्थलों पर आपने हमला करने का सोचा था, वे महत्वहीन हैं, हमारा रणनीतिक सैन्य उत्पादन उन स्थानों पर होता है, जिनके बारे में आपको कोई जानकारी नहीं है और जहां आप कभी पहुंच भी नहीं पाएंगे।
प्रवक्ता ने कहा, हमारी मिसाइलों, ड्रोनों और रणनीतिक प्रणालियों को गिनने की कोशिश करने की जहमत न उठाएं। अगर ऐसा किया तो आप गलत साबित होंगे और आपको कुछ भी हासिल नहीं होगा। उन्होंने अमेरिका पर आक्रामकता शुरू करने का आरोप लगाया और लगातार जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प दोहराया।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : खाड़ी देशों में आठ भारतीयों की मौत : विदेश मंत्रालय

