ईरान का दावा उसने स्वदेशी मिसाइल मजीद से दुनिया के सबसे एडवांस अमेरिकी फाइटर जेट को गिराया
US-Iran War Update (द भारत ख़बर), तेहरान : ईरान के खिलाफ घोषित युद्ध में हालांकि अमेरिका और इजरायल ने ईरान को अभी तक काफी गहरे जख्म दिए हैं। ईरान के लोगों को आजादी दिलाने के नाम से शुरू हुई यह लड़ाई बहुत ही भीषण हो चुकी है। एक तरफ जहां इसमें ईरान के दर्जनों शहर खंडहर में तबदील हो चुके हैं वहीं हजारों ईरानी नागरिक भी इसका शिकार हुए हैं।
वहीं ईरानी सेना ने भी इस लड़ाई में अमेरिका को मुहंतोड़ जवाब दिया है। जानकारों का कहना है कि ईरान द्वारा पहुंचाए जा रहे नुकसान से कहीं न कहीं अमेरिका बैकफुट पर आ चुका है। इसी बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने 19 मार्च को दुनिया के सबसे एडवांस अमेरिकी फाइटर जेट एफ 35 गिराया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अपने स्वदेशी मजीद एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए इसे मार गिराया।
अमेरिकी सेना का सबसे एडवांस फाइटर जेट
आपको बता दें कि एफ 35 फाइटर जेट को करीब दो दशकों से अमेरिकी सैन्य ताकत का सबसे बड़ा प्रतीक माना जाता रहा है। यह सबसे प्रीमियम फाइटर जेट है, जिसे खास तौर पर इस तरह बनाया गया है कि वह दुनिया के सबसे मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम में भी बिना पकड़े घुसकर हमला कर सके। ईरान का दावा है कि उसने इस अदृश्य माने जाने वाले जेट की कमजोरी पकड़ ली है। मजीद डिफेंस सिस्टम ने एफ 35 से निकली इंफ्रारेड यानी गर्मी को पकड़कर उसे निशाना बनाया गया। ईरान का कहना है कि एफ 35 भले ही रडार से बचने में सक्षम हो, लेकिन उसके इंजन से निकलने वाली गर्मी को पूरी तरह छिपाया नहीं जा सकता।
ईरानी मीडिया के मुताबिक पहले यह माना जा रहा था कि इस जेट को गिराने के लिए तलाश एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल हुआ है। लेकिन अब कहा जा रहा है कि मजीद शॉर्ट-रेंज एयर डिफेंस सिस्टम ने ही एफ 35 को गिराया है। हालांकि अमेरिका की तरफ से न तो ईरानी दावे का किसी तरह से खंडन किया गया है और न ही कोई ऐसा बयान दिया है जिससे यह साबित हो सके कि सच में ईरान ने इस अत्याधुनिक फाइटर जेट को गिरा दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्ध को लेकर यह दावा किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि बीते 22 दिन में अमेरिकी हमलों से ईरान की सेना पूरी तरह से शक्तिहीन हो चुकी है। ईरान के पास अब लड़ने की ताकत न के बराबर रह गई है। ट्रंप ने कहा कि ईरान अब समझौते के लिए तैयार है लेकिन अमेरिका इस युद्ध में सीजफायर नहीं करेगा।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : ईरान के खिलाफ हमलों में आएगी तेजी : इजरायल

