पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार बोले-केसी त्यागी जी क्या बोलते हैं, उससे जदयू का कोई लेना-देना नहीं
मंत्री अशोक चौधरी ने भी कहा, ये पार्टी की राय नहीं
KC Tyagi, (द भारत ख़बर), पटना: जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी से पार्टी ने किनारा कर लिया है। कयास लगाए जा रहे है कि जेडीयू से केसी त्यागी की छुट्टी हो चुकी है। दरअसल, एक दिन पहले ही केसी त्यागी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की थी। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। हालांकि, जदयू के बड़े नेताओं ने केसी त्यागी की इस मांग से पल्ला झाड़ लिया है। पार्टी का कहना है कि ये उनकी व्यक्तिगत राय है और पार्टी का उनसे कुछ लेना देना नहीं।
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, ये पार्टी की राय नहीं है ये उनकी अपनी राय है। पार्टी में इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, केसी त्यागी जी क्या बोलते हैं, उससे जदयू का कोई लेना-देना नहीं है। वहीं प्रवक्ता राजीव रंजन के हालिया बयान से यह साफ हो गया है कि जेडीयू का अब केसी त्यागी से कोई औपचारिक संबंध नहीं रह गया है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि केसी त्यागी की पार्टी से छुट्टी हो गई है।
पार्टी लाइन से हटकर कर रहे बयानबाजी
हाल के दिनों में केसी त्यागी के कुछ बयानों और गतिविधियों को लेकर पार्टी में असंतोष की खबरें सामने आ रही थीं। केसी त्यागी ने बांग्लादेशी क्रिकेटर को आईपीएल से हटाने के फैसले का विरोध किया था। पार्टी लाइन से अलग जाकर कहा था कि खेल और राजनीति को अलग रखना चाहिए। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पार्टी लाइन से अलग जाकर बयान दिए थे, जिसके बाद जेडीयू आलाकमान ने उनसे दूरी बनाने का फैसला किया।
पार्टी ने किया अनआॅफिशियल किनारा
जेडीयू सूत्रों की माने तो दोनों के बीच सम्मानजनक अलगाव हो चुका है। केसी त्यागी पार्टी के सीनियर लीडर रह चुके हैं, इसलिए जदयू ने उनके खिलाफ कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया है।
जेडीयू के भीतर यह माना जा रहा है कि त्यागी ने पार्टी के साथ लंबे समय तक अहम भूमिकाएं निभाई हैं, जिसे देखते हुए नेतृत्व किसी तरह का टकराव नहीं चाहता। पार्टी सूत्रों के अनुसार, केसी त्यागी अब जेडीयू की नीतियों, फैसलों और आधिकारिक रुख का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं और भविष्य में पार्टी की ओर से जारी होने वाले बयानों में उनकी कोई दखल नहीं होगी।
ये भी पढ़ें: युद्ध किसी देश का मनोबल तोड़ने के लिए लड़े जाते हैं, ताकि वह हमारी शर्तों पर आत्मसमर्पण करें: डोभाल

