बजट सत्र के पहले चरण के अंतिम सप्ताह की शुरुआत में भी गतिरोध जारी
Budget Session Live (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : 28 जनवरी से शुरू हुआ संसद का बजट सत्र अपने पहले चरण के अंतिम सप्ताह का आज आगाज करेगा। संसद के दोनों सदनों में अभी तक ज्यादात्तर समय गतिरोध की स्थिति रही है और ऐसा पहली बार हुआ है कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्टÑपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव भी नहीं लाया जा सका। आज संसद के बजट सत्र का 9वां दिन है। विपक्षी दलों और सरकार के बीच गतिरोध बरकरार है। लोकसभा में 11 बजे से प्रश्नकाल शुरू होते ही सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्य एक बार फिर आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से जारी हंगामें के बीच सभापति को लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
समाचार लिखे जाने तक राज्यसभा में कामकाज जारी था। हालांकि राज्यसभा में प्रश्नकाल का समय 12 बजे से निर्धारित है। बजट 2026 पर चर्चा के दौरान भी विपक्षी दल सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे। लोकसभा और राज्यसभा में हंगामे के अलावा विपक्षी दल संसद परिसर में भी विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार के घेराव के लिए विपक्षी दल आज 10 बजे से बैठक करने वाले हैं। विपक्ष अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते पर विशेष चर्चा कराने की मांग कर रहा है। सरकार ने कहा है कि जल्द ही ट्रे़ड डील का ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा।
पहले भी हंगामे में बीता सत्र
बजट सत्र का पहला चरण पहले ही लगातार हंगामे की भेंट चढ़ चुका है। इसकी शुरूआत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे से जुड़ी अप्रकाशित सामग्री पढ़े जाने के विवाद से हुई थी। इस मामले में जोरदार विरोध के बाद कांग्रेस के आठ सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया। इसके बाद कई दिनों तक सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी। शुक्रवार को हुए हंगामे के बाद संकेत मिले थे कि विपक्ष अप्रकाशित किताब विवाद को पीछे छोड़कर बजट पर चर्चा करेगा। कांग्रेस और अन्य दलों ने रणनीति बदली थी ताकि आर्थिक मुद्दों पर सरकार को घेरा जा सके।

