सलामी युवा बल्लेबाज ने भारत को विश्व चैंपियन बनने में निभाया अहम रोल
U-19 World Cup New Record (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : भारत एक बार फिर से अंडर-19 क्रिकेट में विश्व विजेता बन गया है। गत रात्रि जिम्बावे के हरारे स्पोटर्स क्लब मैदान में खेले गए फाइनल में इंगलैंड को पूरे 100 रन से हराकर 6वीं बार विश्व कप की ट्राफी उठाई। भारतीय टीम का इस बार पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्श लाजवाब रहा और यह एक भी मैच नहीं हारी। हर मैच में एक नया हीरो भारतीय टीम का सामने आता गया और टीम का विजेता बनने की तरफ बढ़ाता गया। हालांकि इस पूरी भारतीय टीम में सबसे ज्यादा जिस खिलाड़ी ने प्रभावित किया वह है वैभव सूर्यवंशी। इस युवा खिलाड़ी जोकि अगले माह 15 साल का होने जा रहा है ने भारतीय टीम को विजेता बनाने में सबसे अहम भूमिका निभाई
सेमीफाइनल और फाइनल में दो धांसू पारियां
पूरे टूर्नामेंट के दौरान वैभव ने अपने अंदाज में तूफानी बल्लेबाजी की। कुछ मैच में वह सफल रहे तो कुछ में असफल। मगर उनका असली खेल सेमीफाइनल मैच से शुरू हुआ। जब अफगानिस्तान से मिले 311 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए टीम मैदान पर उतरी। वैभव ने विस्फोटक अर्द्धशतकीय पारी खेलते हुए महज 33 गेंदों पर 68 रन की पारी खेली। इससे न केवल भारतीय टीम को तेज शुरुआत मिली बल्कि अफानी गेंदबाजों की लय भी बिगड़ गई और फिर पूरा मैच वे उसी लय को हासिल करने में जुटे रहे जिससे भारतीय टीम आसानी से मैच जीत गई।
फाइनल में 80 गेंद में ठोक डाले 175 रन
फाइनल में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इंगलैंड भारत को शुरुआती झटका देने में कामयाब रहा लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर से अपना रौद्र रूप दिखाते हुए मात्र 80 गेंद पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेल डाली। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के भी लगाए। जिससे भारतीय टीम ने 50 ओवर में 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर डाला और टीम विश्व विजेता बनने में सफल रही।
किसी भी फाइनल में सबसे बड़ी पारी
यह पारी आईसीसी के किसी भी टूर्नामेंट फाइनल (पुरुष, महिला और सभी आयु वर्ग) में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड ट्रैविस हेड के नाम था, जिन्होंने 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहली पारी में 163 गेंद में 174 रन बनाए थे।

