Haryana News: हरियाणा शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा के अंतिम दिन पानीपत जिले के इसराना और डाहर परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल का गंभीर मामला सामने आया है। बुधवार को यहां IT (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) और NSQF विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसके दौरान बड़े स्तर पर अनियमितताएं होने के आरोप लगे हैं।
बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल रैपिड एक्शन टीम द्वारा की गई छापेमारी के दौरान परीक्षा केंद्रों पर लगे CCTV कैमरे बंद पाए गए, जिससे शक गहरा गया। जांच में सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ और पुलिस की कथित मिलीभगत से छात्रों को सामूहिक नकल करवाई जा रही थी। इसके बाद पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी देर रात सामने आया, जिसमें छात्र खुलेआम एक-दूसरे की कॉपियों और किताबों से नकल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा गया कि शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद नकल जारी थी, जिससे निगरानी व्यवस्था की गंभीर लापरवाही उजागर होती है।

