आने वाले दिनों में आसमान से बरसेगी आग, इस साल जल्द शुरू हुआ गर्मी का सीजन
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर भारत में समय से पहले गर्मी की दस्तक को लेकर चिंता जाहिर की है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि इस बार मार्च में पारा सामान्य से अधिक बना हुआ है और आशंका जताई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों में मैदानी हिस्सों के साथ-साथ पहाड़ों में भी गर्मी रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
मौसम परिवर्तन के चलते जहां वर्तमान में राजधानी दिल्ली सहित कई अन्य राज्यों का पारा 35 डिग्री पार कर चुका है वहीं पहाड़ों में भी मैदानी हिस्सों में गर्मी लोगों को सता रही है। जिससे आने वाले दिनों में गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी और इस साल गर्मी का सीजन लंबा खिंच सकता है।
कई राज्यों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक
मौसम विभाग के अनुसार देश के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में लू या हीटवेव की स्थिति बन सकती है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में आज भी भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा आने वाले दिनों में विदर्भ, पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र-कच्छ, उत्तर गुजरात और मराठवाड़ा में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक दर्ज किया जा सकता है, जिससे हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है।
नया पश्चिमी विक्षोभ हो सकता है सक्रिय
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसका असर मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। इसके अलावा उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिसके कारण ऊपरी वायुमंडल में तेज हवाएं चल रही हैं। इसका असर पहाड़ी इलाकों पर पड़ सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ इलाकों में बिजली गिरने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है।
इस साल मार्च की शुरूआत में ही राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी ने लोगों को हैरान कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर में धूप इतनी तेज महसूस हो रही है कि मौसम अप्रैल जैसा लगने लगा है। आमतौर पर मार्च में तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है, लेकिन इस बार गर्मी ने जल्दी दस्तक दे दी है।
ये भी पढ़ें : Rajasthan Accident News : राजस्थान में खुदाई के दौरान गिरी मिट्टी, सात की मौत

