Nanda Devi Ship, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: कच्चा तेल और एलपीजी लेकर आ रहा नंदा देवी जहाज होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को पार करके गुजरात के वाडीनार बंदरगाह पहुंच गया है। यह यूएई और कतर से आ रहे भारतीय ध्वज वाले तीन टैंकरों में से एक है। जग लाडकी जहाज (Jag Laadki ship) भी गुजरात की बंदरगाह पर पहुंच रहा है। एलपीजी से भरा ‘शिवालिक’ जहाज़ सोमवार को गुजरात पहुंचा था। ‘नंदा देवी’ ने होर्मुज़ को पार करके देश में प्रवेश किया, जिसके लिए खुद ईरानी सरकार ने हरी झंडी दी थी।
होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव
जग लाडकी यूएई से भारत लाया जा रहा है और यह गुजरात की मुंद्रा बंदरगाह पर पहुंचेगा। बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग के कारण पश्चिम एशिया में व्याप्त तनाव के चलते ईरान के पास अधिकतर जहाजों के गुजरने वाले रास्ते होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव है, जिसके कारण भारत समेत दुनिया भर में गैस और तेल का संकट चल रहा है। सभी जहाज होर्मुज से गुजर रहे हैं। एलपीजी टैंकर ‘नंदा देवी’ से वाडीनार स्थित एंकरिज क्षेत्र में शिप-टू-शिप ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बढ़ रही घरेलू सिलेंडरों की मांग
भारत में कमर्शियल सिलेंडरों की कमी के कारण घरेलू सिलेंडरों की मांग बढ़ रही है, लेकिन उनकी भी कमी देखी जा रही है। सरकार ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है। हालांकि, इसके बावजूद देश के कई शहरों में एलपीजी संकट का असर साफ दिखाई दे रहा है। एलपीजी टैंकर ‘नंदा देवी’ 46,500 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर पहुंचा है। शिवालिक जहाज़ (Shivalik Ship) के ज़रिए भी सोमवार को भारत में इतनी ही मात्रा में एलपीजी पहुंची थी। एलपीजी संकट के बीच, लगातार दो दिनों तक एलपीजी से भरे दो जहाज़ों का भारत पहुंचना देश के लिए राहत की बात है।
ये भी पढ़ें: Pakistan Airstrike: अफगानिस्तान में हवाई हमले को लेकर भारत ने यूएन में पाकिस्तान को जमकर लताड़ा

