- 28 मार्च तक आफिस खाली करने का निर्देश
- 48 साल कांग्रेस का मुख्यालय रहा दफ्तर
Estate Department Action, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: एस्टेट डिपार्टमेंट ने कांग्रेस को नई दिल्ली में 24 अकबर रोड स्थित पार्टी के कार्यालय को खाली करने का नोटिस दिया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक विभाग ने 28 मार्च तक दफ़्तर खाली करने का निर्देश दिया है। बता दें कि अकबर रोड वाला बंगला 48 सालों तक कांग्रेस पार्टी का मुख्यालय रहा।
कांग्रेस ने ‘इंदिरा भवन’ खोल लिया है नया कार्यालय
कांग्रेस ने पिछले साल कोटला मार्ग पर अपना नया कार्यालय ‘इंदिरा भवन’ खोल लिया है और इसके बावजूद अब तक अकबर रोड वाला परिसर खाली नहीं किया है। अभी भी वहां से पार्टी की गतिविधियां चल रही हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस बीच मोदी सरकार पर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ में संशोधन करने की योजना को लेकर तीखा हमला बोला।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम: सरकार पर लगाया यू-टर्न का आरोप
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर शेयर की एक पोस्ट में सरकार पर यू-टर्न लेने और महिलाओं के लिए आरक्षण को ध्यान भटकाने वाले बड़े हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा है कि सरकार का मकसद प्रधानमंत्री की विदेश नीति में मिली असफलताओं और पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के बीच एलपीजी और ऊर्जा संकट जैसे जरूरी राष्ट्रीय मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना था।
महिलाओं के लिए आरक्षण की गारंटी देता है अधिनियम
कांग्रेस नेता ने याद दिलाया कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023’—जो लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण की गारंटी देता है—मूल रूप से नई जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने से जुड़ा हुआ था। उन्होंने लिखा, सितंबर 2023 में, नए संसद भवन का उद्घाटन ‘नारी वंदन अधिनियम, 2023’ को पारित करके किया गया था।
इस अधिनियम ने संविधान में संशोधन करके लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया और साथ ही अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित सीटों में भी महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण की व्यवस्था की। ये दोनों आरक्षण परिसीमन और जनगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लागू होने थे।
ये भी पढ़ें: Delhi Budget 2026: सीएम रेखा के नेतृत्व वाली सरकार ने पेश किया 1.03 लाख करोड़ का बजट

