कहा, यदि गैर-अमेरिकी खरीदारों क्रूड बेचने की अनुमति मिलती है, तो वह करेगी विचार
Business News (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पिछले दिनों रिलायंस इंडस्ट्री ने यह स्पष्ट किया था कि उसने रूस से कच्चा तेल का आयात लगभग बंद कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी की तरफ से आंकड़ें जारी करते हुए अपने इस बयान को पुख्ता किया था। वहीं अब एक बार फिर से रिलायंस की तरफ से एक बड़ा बयान सामने आया है।
दुनिया के सबसे बड़े रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स का संचालन करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण संकेत दिया। कंपनी ने कहा है कि यदि गैर-अमेरिकी खरीदारों क्रूड बेचने की अनुमति मिलती है, तो वह वेनेजुएला से कच्चे तेल की खरीद फिर से शुरू करने पर विचार करेगी। यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में वेनेजुएला और अमेरिका के बीच सीमित तेल निर्यात को लेकर सहमति बनी है।
कंपनी हर हाल में नियमों का करेगी पालन
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एक प्रवक्ता ने रॉयटर्स को दिए एक जवाब में कहा कि हम गैर-अमेरिकी खरीदारों के लिए वेनेजुएला के तेल तक पहुंच को लेकर स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं और नियमों का अनुपालन करते हुए तेल खरीदने पर विचार करेंगे। वेनेजुएला संकट और रूस से तेल खरीदारी के विवाद के बीच कंपनी का यह रुख बताता है कि वह भू-राजनीतिक प्रतिबंधों और अमेरिकी नीतियों के दायरे में रहकर ही कोई कदम उठाएगी।
काराकस और वाशिंगटन में समझौते की सूचना
इस सप्ताह काराकस और वाशिंगटन के बीच एक समझौता हुआ है, जिसके तहत वेनेजुएला को संयुक्त राज्य अमेरिका को 2 अरब डॉलर तक का कच्चा तेल (लगभग 30-50 मिलियन बैरल) निर्यात करने की अनुमति दी गई है। यह कूटनीतिक बदलाव 3 जनवरी को अमेरिकी सेना द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के बाद आया है। इस घटनाक्रम के बाद वैश्विक बाजार की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अन्य देशों को भी वेनेजुएला से तेल खरीदने की छूट मिलेगी।
रिलायंस के लिए वेनेजुएला महत्वपूर्ण स्त्रोत
ज्ञात रहे कि रिलायंस के लिए वेनेजुएला ऐतिहासिक रूप से कच्चे तेल का एक महत्वपूर्ण स्रोत रहा है। हालांकि, मार्च 2025 में कंपनी ने वेनेजुएला से तेल खरीदना बंद कर दिया था। इसका कारण अमेरिका द्वारा उन देशों पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा थी जो दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र से क्रूड खरीद रहे थे। रिलायंस को वेनेजुएला के तेल की आखिरी खेप मई में मिली थी।

